हेलो… हेलो करते रह गया युवक, सतना में मात्र 40 सेकंड में बाइक लेकर छूमंतर हो गए शातिर चोर
सतना पुलिस, फाइल फोटो
मध्य प्रदेश में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वह पलक झपकते ही वाहनों की चोरी को अंजाम देने लगे हैं. ताजा मामला मध्य प्रदेश के सतना से जुड़ा हुआ है. सतना में शातिर चोर एक युवक की बाइक पलक झपकते ही मात्र 40 सेकेंड ही चुरा कर ले गए. सबसे हैरानी वाली बात तो ये है कि चोरी की वारदात रात के अंधेरे में या किसी सुनसान इलाके की नहीं, बल्कि शहर के सबसे व्यस्ततम रहने वाली जगह की हैं.
माहेश्वरी स्वीट्स के पास का मामला
दरअसल मामला सतना शहर के रीवा रोड स्थित माहेश्वरी स्वीट्स के पास का है. यहां से दिन-दहाड़े एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. चोर ने इस पूरी वारदात को मात्र 40 सेकंड के भीतर अंजाम दे दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शख्स अपनी मासूम बच्ची के साथ बाजार में खरीदारी करने आया था. वह दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर मोबाइल पर बात करने में व्यस्त हो गया. इसी लापरवाही का फायदा उठाकर घात लगाए चोर ने पलक झपकते ही गाड़ी का लॉक तोड़ा और मोटरसाइकिल लेकर रफूचक्कर हो गया.
सीसीटीवी में कैद हो गई वारदात
चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में चोर बेहद शातिर तरीके से चंद सेकंड में बाइक ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है. पीड़ित की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में जुट गई है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि सार्वजनिक और व्यस्त पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा और गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सके.
ये भी पढ़ें: ये कैसी सनक! फोन चलाने से रोका तो छोड़ दिया घर, दिल्ली में इस हाल में मिलीं ग्वालियर की 3 सगी बहनें
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर बेहद बेफिक्री से पार्किंग में आया. उसके हाथ में एक चाबी (मास्टर की) दिखाई दे रही थी, जिससे उसने सबके सामने पलक झपकते ही बाइक का लॉक खोला, गाड़ी को सेल्फ-स्टार्ट किया और आराम से लेकर चला गया. उसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो वही बाइक का असली मालिक हो.