Vistaar NEWS

एक ही बैच के दो SDM बने जीवनसाथी, कॉलेज में हुई दोस्ती प्यार में बदली, खास है ये लव स्टोरी

Somesh Dwivedi Wedding

सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा की शादी

मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा के दो युवा पीसीएस अधिकारियों की शादी इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है. इन दोनों अधिकारियों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. बीते 25 नवंबर 2026 को सतना जिले के नागौद एसडीएम सोमेश द्विवेदी और शहडोल जिले के ब्यौहारी एसडीएम अर्चना मिश्रा ने सात फेरे लेकर अपनी जीवन की नई शुरूआत की. इस मौके पर उनके परिवार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

दो अधिकारियों की शादी

ये सिर्फ दो अधिकारियों की शादी की कहानी नहीं बल्कि संघर्ष, शिक्षा, सपनों और वर्षों की मेहनत की भी है. सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा की पहली मुलाकात रीवा के मॉडल साइंस कॉलेज में हुई थी. दोनों ही स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे. दोनो ही शुरूआत से ही प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते थे. दोनों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी और धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती गई और प्यार में बदल गई.

अलग-अलग जिलों में संभाल रहे प्रशासनिक जिम्मेदारी

आज दोनों ही अलग-अलग जिलो में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं. सोमेश द्विवेदी सतना जिले की नागौद तहसील में एसडीएम हैं, जबकि अर्चना मिश्रा शहडोल जिले के ब्यौहारी अनुभाग में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं. दोनों ही अधिकारियों का गृह क्षेत्र मऊगंज जिला है. सोमेश द्विवेदी मऊगंज जिले के बरांव गांव के रहने वाले हैं.

बच्चों की पढ़ाई नहीं रोकी

सोमेश के परिवार में शुरूआत से आय के स्रोत बहुत अच्छे नहीं थे.
तीन भाइयों में सबसे छोटे सोमेश के पिता वर्ष 2010 से अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं. वर्तमान में वे माध्यमिक विद्यालय भैंसही में अतिथि शिक्षक हैं. सोमेश के पिता ने कभी भी अपने बच्चों की पढ़ाई के साथ समझौता नहीं किया. यही वजह रही कि परिवार के तीनों बेटे आज अपनी-अपनी पहचान बना चुके हैं. सोमेश के दोनों बड़े भाई भारतीय वायुसेना में सेवाएं देकर देश की रक्षा कर रहे हैं, जबकि सबसे छोटे बेटे सोमेश प्रशासनिक अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

इंदौर से की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

सोमेश ने अपनी पढ़ाई पूरी करके इंदौर जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की. पहले प्रयास के परिणाम का इंतजार और बार-बार आने वाली चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. लगातार मेहनत जारी रखी और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की. बेहतर रैंक के साथ उनका चयन राज्य प्रशासनिक सेवा में हुआ और वे डिप्टी कलेक्टर पद तक पहुंचे.

Exit mobile version