अमेरिका के सैमुएल बने श्यामदास, बोलते हैं फर्राटेदार संस्कृत-हिंदी, रीवा में आकर सीखी बघेली
अमेरिका के सैमुएल बने श्यामदास, रीवा आकर सीखी बघेली
American Samuel Becomes Shyamdas: सात समंदर पार अमेरिका में रहने वाला एक युवक, जो कभी अंग्रेजी में बात किया करता था, आज संस्कृत के श्लोक पढ़ता है. हिंदी में पूजा करता है और भगवान शिव, श्रीराम और हनुमान का भक्त बन चुका है. सनातन धर्म के प्रति ऐसी आस्था कि अमेरिका से भारत आया तो यहीं का होकर रह गया. नाम है सैमुएल लेकिन सनातन की राह पर चलकर अब बन गया है श्याम दास. इन दिनों श्याम दास रीवा पहुंचे हैं यहां के गांव देखने के लिए, जहां यहां की संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन ने उनका दिल जीत लिया है.
भारत को अपना घर बनाना चाहते हैं
यह कहानी एक विदेशी युवक के भारत भ्रमण की नहीं बल्कि सनातन संस्कृति के प्रति उसकी गहरी आस्था की कहानी बयां करती है. अमेरिका में रहने वाले सैमुएल अब श्याम दास के नाम से पहचाने जाते हैं. प्रतिदिन संस्कृत के श्लोकों का पाठ, हिंदी में पूजा-पाठ और भगवान शिव, श्रीराम व हनुमान के प्रति अटूट श्रद्धा उनकी दिनचर्या का हिस्सा है. पूरी तरह सात्विक जीवन और शुद्ध शाकाहारी भोजन अपनाने वाले श्याम दास अब भारत को ही अपना घर बनाना चाहते हैं.
गांव का अनुभव लेने रीवा पहुंचे
दरअसल, श्याम दास की मुलाकात ऋषिकेश में रीवा के रहने वाले कुलदीप से हुई थी. दोनों की दोस्ती ऐसी हुई कि कुलदीप के आमंत्रण पर श्याम दास रीवा पहुंच गए. उनका मकसद सिर्फ शहर घूमना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के गांवों को करीब से देखना और भारतीय ग्रामीण संस्कृति को समझना था. रीवा पहुंचकर श्याम दास यहां की संस्कृति, रंग-रिवाज और रहन-सहन देखकर बेहद खुश नजर आए. गांव में गोबर से लिपे मिट्टी के आंगन में चलते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किए. उनके मित्र कुलदीप बताते हैं कि श्याम दास ने कहा कि अमेरिका में इस तरह मिट्टी और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने के लिए भी पैसे खर्च करने पड़ते हैं. वहीं, यहां गांवों में यह जीवनशैली सहज रूप से देखने को मिलती है.
सैमुएल ने बघेली बोलना सीखी
रीवा की धरती पर पहुंचकर श्याम दास अब यहां के लोगों से घुलने-मिलने की कोशिश कर रहे हैं. अंग्रेजी बोलने वाले श्याम दास ने बघेली भाषा में भी बोलना शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों को बघेली में प्रणाम कर उनका अभिवादन कर रहे हैं. उनकी भाषा, पहनावा और सनातन के प्रति समर्पण देखकर लोग भी हैरान हैं. अमेरिका से भारत तक का यह सफर सिर्फ भौगोलिक दूरी तय करने की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी आस्था की कहानी है, जिसने सैमुएल को श्याम दास बना दिया. रीवा की मिट्टी, गांवों की परंपरा और यहां के लोगों का अपनापन उन्हें इतना पसंद आया है कि अब वह भारत में ही स्थायी रूप से बसने की इच्छा जता रहे हैं. कैमरे के सामने बघेली में प्रणाम करते श्याम दास की यह कहानी बता रही है कि संस्कृति और आस्था की कोई सीमा नहीं होती.



