Sidhi News: जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब ओडिशा पुलिस की टीम पर कथित रूप से बदमाशों ने हमला कर NDPS के एक आरोपी को छुड़ा लिया. घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है. वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया.
आरोपी को पेशी के लिए ला रही थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी. पुलिस टीम छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन को घेर लिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तीन बार फायरिंग की और बेसबॉल बैट से हमला भी किया. इसके बाद आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए.
AK-47 जैसे हथियारों से लैस थे पुलिसकर्मी
घटना के समय पुलिस टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे. पुलिसकर्मी AK-47, पिस्टल सहित अन्य हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं. इसके बावजूद बदमाश आरोपी को लेकर मौके से फरार होने में सफल हो गए.
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंचे
मामले की जानकारी मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस को भी रवाना किया गया था. ओडिशा पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने उन पर तीन बार गोलियां चलाईं. इसके बाद आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले जाया गया.
घटना में फायरिंग और मारपीट की बात सामने आने के बावजूद फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बदमाशों की गाड़ियां मैहर जिले की ओर रवाना हुई हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की तलाश और संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है. घटना के बाद छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है.
ये भी पढ़ें-स्वच्छता और सैनिटेशन में मॉडल बनेंगे MP के शहर, PRAGATI-50 पहल में शामिल भोपाल, इंदौर और उज्जैन
