Vistaar NEWS

Singrauli: बारिश शुरू होते ही सड़क बनी दलदल, अंतिम संस्कार के लिए बेटे के शव को खाट पर ले जाने को मजबूर परिजन

Singrauli News

परिजनों की तस्वीर

Singrauli: जिले के विकास के दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है जहां सरई थाना क्षेत्र के ग्राम दुधमनियां में खराब और कीचड़युक्त सड़क के कारण एक 16 वर्षीय किशोर के शव को परिजनों को खाट पर रखकर आधा किलोमीटर पैदल ले जाना पड़ा. अंतिम यात्रा की गरिमा भी कीचड़ में डूब गई. दुधमनियां निवासी 16 वर्षीय सुनील सिंह पिता राजमोहन सिंह की मृत्यु के बाद परिजनों को सबसे बड़ी बाधा गांव की टूटी-फूटी सड़क बनी.

बारिश के कारण दलदल बनी सड़क

बारिश के कारण रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भर गया था और वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका. मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों को शव को खाट पर लिटाकर करीब आधा किलोमीटर तक कंधे पर ढोकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा. ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. बरसात आते ही गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है मरीज, गर्भवती महिलाएं और अब शव तक सड़क की वजह से फंस जाते हैं.

जनप्रतिधियों के काम पर बड़े सवाल

“सिंगरौली की विकास की गंगा” के दावों के बीच दुधमनियां की यह स्थिति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सवाल खड़े करती है. घटना के बाद गांव में आक्रोश है. लोगों ने मांग की है कि दुधमनियां तक पक्की सड़क का निर्माण शीघ्र कराया जाए. नालियों और जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए भी इस तरह की पीड़ा न झेलनी पड़े.

मामले की जांच करेगा प्रशासन

स्थानीय प्रशासन ने मामले में संज्ञान लेने की बात कही है. ग्रामीणों का कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं ठोस कार्रवाई चाहिए. आखिर विकास का मतलब क्या अगर एक शव को भी सम्मान के साथ अंतिम विदाई न मिल सके.

ये भी पढ़ें:क्या प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान जाएंगे? SCO शिखर सम्मेलन को लेकर चर्चाएं तेज

Exit mobile version