Mauganj: 24 घंटे में हनुमना पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, महाराष्ट्र से 3 नाबालिग बालिकाएं और 1 युवती को सुरक्षित किया बरामद
पुलिस ने सभी को सुरक्षित बरामद किया
Mauganj News: मऊगंज जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने महाराष्ट्र से तीन नाबालिग बालिकाओं और एक बालिग युवती को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि गुमशुदगी जैसे संवेदनशील मामलों में मऊगंज पुलिस पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम कर रही है.
गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलते ही हरकत में आई पुलिस
थाना हनुमना में अलग-अलग परिवारों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी तीन नाबालिग पुत्रियां और एक बालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद पुलिस ने तत्काल अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी.
एसपी के निर्देश पर बनीं विशेष टीमें
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया. टीमों ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड ऑपरेशन के माध्यम से चारों की तलाश शुरू की. पुलिस की रणनीति सफल रही और महज 24 घंटे के भीतर महाराष्ट्र से तीनों नाबालिग बालिकाओं तथा एक युवती को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया.
परिजनों को सौंपीं बेटियां
पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद चारों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. बेटियों की सकुशल वापसी से परिवारों में खुशी का माहौल है. परिजनों ने हनुमना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया.
संदेश साफ गुमशुदगी के मामलों में नहीं होगी कोई ढिलाई
मऊगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिले तो बिना समय गंवाए तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित बरामद किया जा सके.
ये भी पढे़ं- मऊगंज में स्वच्छता को लेकर प्रशासन का एक्शन! दुकान में रखने होंगे दो डस्टबिन वरना लगेगा तगड़ा जुर्माना