Vistaar NEWS

MP News: बड़वानी में एमजी रोड़ पर धंसी सड़क,15 दिन से अधूरा पड़ा है काम, इंजीनियर पर लगे लापरवाही के आरोप

Road Caves In in Barwani

बड़वानी में सड़क धंसी

रिपोर्ट – सचिन राठौड़

MP News: बड़वानी जिला मुख्यालय की व्यस्त एमजी रोड पर सीवरेज निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण बुधवार सुबह सड़क धंस गई. सुबह 6:30 बजे के बाद मंडी जा रहे सब्जी के टेंपो और बॉटल से लदे पिकअप सहित 7-8 वाहन सड़क में फंस गए. एक वाहन का पहिया पूरी तरह गड्ढे में समा गया.

सीवरेज लाइन खोदने पर भर गया पानी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह नल लाइन खुलने पर सीवरेज के लिए खोदी गई मेन लाइन में पानी भर गया. इससे ऊपर से मिट्टी डालकर छोड़ी गई कच्ची सड़क कीचड़ में बदल गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोडिंग वाहन एक-एक कर धंसते चले गए. इस घटना के कारण एमजी रोड पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों ने कुछ वाहनों को धक्का लगाकर निकाला, लेकिन तीन वाहन अभी भी फंसे हुए हैं.

पार्षद बोले – इंजीनियर गड्ढे भरवाने का आश्वासन देते हैं

घटनास्थल पर पहुंचे वार्ड-6 के पार्षद सचिन शर्मा ने बताया कि उन्होंने रात को इंजीनियर से बात की थी. इंजीनियर ने रणजीत चौक पर गड्ढे भरवाने के लिए कर्मचारी भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन सुबह तक कोई नहीं आया. पार्षद शर्मा ने आरोप लगाया कि सीवरेज कंपनी रात में काम करके चली जाती है, जिससे जनता पूरे दिन परेशान होती है. उन्होंने कहा कि मेन लाइन फोड़ दी गई, जिससे पानी भर गया और वाहन फंस गए.

15 दिनों से खुदी पड़ी है सड़क

पार्षद शर्मा ने यह भी बताया कि एमजी रोड शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, लेकिन पिछले 15 दिनों से सड़क खुदी पड़ी है. कंपनी ने दो दिन में काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आधा महीना बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है. उनके अनुसार, सड़क खुदी होने के कारण प्रतिदिन जाम लगता है, ग्राहक नहीं आ रहे हैं, और व्यापारियों को नुकसान हो रहा है.

सीवरेज कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप

विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे ने भी सीवरेज कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह शहर का मुख्य स्थान है और यहां 5-6 गाड़ियां फंसी हैं. बनडे के अनुसार, कंपनी के कर्मचारी रात में सड़क खोदकर मिट्टी डालकर चले जाते हैं, और सुबह जब गाड़ियां फंसती हैं तो कोई जिम्मेदार देखने तक नहीं आता. उन्होंने यह भी बताया कि पार्षद के फोन करने पर भी कंपनी का कोई अधिकारी जवाब नहीं दे रहा है, और खुले चैंबरों में भी गाड़ियां फंस रही हैं.

ये भी पढे़ं- Jabalpur News: सांसद आदर्श गांव में सड़क का अभाव, बदहाली में जी रहे ग्रामीण, मरीजों को खटिया पर ढोने को मजबूर लोग

Exit mobile version