Jabalpur News: सांसद आदर्श गांव में सड़क का अभाव, बदहाली में जी रहे ग्रामीण, मरीजों को खटिया पर ढोने को मजबूर लोग
सड़क से परेशान ग्रामीण
रिपोर्ट – अनिल साहू
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य डिंडोरी जिले में आज भी कई ऐसे गांव हैं, जहां सड़क जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव है. आपको जानकर हैरानी होगी कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने जिस गांव को गोद लिया था, वहां आज भी सड़क मार्ग नहीं बन पाया है. इसके कारण बैगा आदिवासी और ग्रामीण आज भी विकास से कोसों दूर हैं. गांव तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग स्वीकृत तो हुआ, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका.
मूलभूत सुविधाओं से महरूम ग्रामीण
दरअसल, यह पूरा मामला शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के दुनिया बघाड़ गांव का है, जहां ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने गांव को गोद तो लिया, लेकिन आज भी यहां सुविधाएं नदारद हैं. यह इलाका वर्तमान में भाजपा के कद्दावर नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के क्षेत्र में आता है. ग्रामीणों का कहना है कि नेता सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं. दुनिया बघाड़ गांव में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क मार्ग स्वीकृत होने के बावजूद, लंबे समय बाद भी गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच पाई है.
गांव तक नहीं पहुंच पाती एंबुलेंस
दुनिया बघाड़ गांव में हालत यह हैं कि यदि कोई ग्रामीण बीमार पड़ जाए तो एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती. कई बार मरीजों को इलाज के अभाव में अपनी जान तक गंवानी पड़ती है. ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खटिया या डोली में लादकर करीब 10 किलोमीटर तक जंगल और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से पैदल ले जाना पड़ता है.
लाखों खर्च, फिर भी अधूरी सड़क
दुनिया बघाड़ गांव में विकास के नाम पर अब तक ग्रामीण यांत्रिकी विभाग द्वारा लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन सड़क निर्माण का काम अब भी अधर में लटका हुआ है. वहीं, दो साल पहले पीएम जनमन योजना के तहत लगभग 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन वह भी आज तक अधूरा पड़ा है.
सांसद आदर्श गांव, फिर भी बुनियादी सुविधाओं को तरसते लोग
मामले में जब आदर्श ग्राम में सड़क निर्माण में देरी और कथित अनियमितताओं को लेकर क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से सवाल किया गया, तो वे भी स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए. हालांकि सांसद ने एक बार फिर अपने गोद लिए गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात दोहराई है. साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत बन रही सड़क की जांच करवाने की बात भी कही है. अब देखने वाली बात यह होगी कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ आखिर कब तक मिल पाएगा.
क्या हो पाएगा गांव का विकास?
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब दुनिया विकास और आधुनिकता की नई ऊंचाइयों की बात कर रही है, तब मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में आज भी ऐसे कई गांव मौजूद हैं, जहां लोग सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के बिना बदहाली भरा जीवन जीने को मजबूर हैं. ग्रामीणों को आज भी विकास का इंतजार है, लेकिन हालात अब भी जस के तस बने हुए हैं.
ये भी पढे़ं- Rewa News: बेरहम बड़े भाई ने छीनी छोटे भाई की सांसें, छोटी सी बात पर मौत की नींद सुला दिया, आरोपी फरार