Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों, भरोसे और प्रेम की जटिलताओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक महिला, जिसने सालों पहले अपने पति और बच्चों को छोड़कर रिश्ते में लगने वाले भांजे-दामाद के साथ नया जीवन शुरू किया था, अब संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव बरामद हुआ है. उसका शव घर में खून से लथपथ मिला, जबकि पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है.
घटना सागर के मकरोनिया क्षेत्र की है, जहां 34 वर्षीय सोनाली पटेल अपने प्रेमी-पार्टनर प्रेम नारायण पटेल के साथ दीनदयाल नगर रह रही थी. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
प्रेम कहानी जिसने तोड़ दिए पारिवारिक रिश्ते
करीब साल पहले सोनाली की मुलाकात प्रेमनारायण से हुई थी. बताया जाता है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में सोनाली ने अपने पति और बच्चों से दूरी बना ली. इसके बाद वह प्रेम नारायण के साथ रहने लगी. इस फैसले को लेकर परिवार और समाज में काफी चर्चा हुई, लेकिन दोनों ने साथ रहने का फैसला नहीं बदला. हालात यह बने के परिवार ने दोनों से मतलब रखना ही बंद कर दिया. दोनों ने परिवार से अलग अपनी नई जिंदगी शुरुआत की थी.
घर के अंदर मिला खून से सना शव
रविवार को जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. महिला का शव जमीन पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था. घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है.
सुसाइड नोट में बेवफाई का जिक्र
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद नोट में महिला ने अपने साथी पर धोखा देने और किसी दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाया है. नोट में पीड़ा और टूटे भरोसे का जिक्र किया गया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की भी जांच की जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर आत्महत्या की आशंका मजबूत दिख रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.
ये भी पढ़ें:रेटिंग चमकाने के लिए कॉन्स्टेबल ने डायल 112 पर करा दी 233 फर्जी शिकायत, मऊगंज एसपी ने किया लाइन अटैच
