Gopal Bhargava Statement: पूर्व मंत्री और रहली से 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव ने एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए संन्यास की बात कह दी. पूर्व मंत्री ने राजनीतिक भविष्य को लेकर घोषणा करते हुए कहा कि जैसे ही कोपरा मध्य सिंचाई परियोजना पूरी हो जाएगा, वैसे ही मैं संन्यास ले लूंगा. सियासी गलियारों में उनकी इस घोषणा की चर्चा जोर-शोर से हो रही है.
गोपाल भार्गव ने क्या कहा?
बीजेपी के कद्दावर नेता गोपाल भार्गव मंगलवार (24 नवंबर) को सागर जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बलेह पहुंचे थे. यहां स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि जब भी मुख्यमंत्री से बात होती है तो कोपरा सिंचाई परियोजना को लेकर चर्चा करते हैं. इससे रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह तक के किसानों को फायदा मिलेगा.
उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना को लेकर अवरोध था, अब वह भी खत्म हो गया है. इसके पूरे होने के बाद किसानों की आर्थिक स्थिति में बदलाव देखने को मिलेगा. हमारे किसान भी पंजाब और हरियाणा की तरह समृद्ध होंगे. इसके साथ ही बताया कि क्षेत्र के सारे काम लगभग पूरे हो गए हैं. कोपरा बांध बनाना ही लक्ष्य रह गया है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद संन्यास ले लेंगे.
कैबिनेट मंत्री और 9 बार विधायक रहे
भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर और वरिष्ठ नेताओं में गोपाल भार्गव की गिनती होती है. वे गढ़ाकोटा के रहने वाले हैं. रहली विधानसभा से 9 बार विधायक रहे. साल 1985 से अब तक राजनीति में बने हुए हैं. मध्य प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और लोक निर्माण विभाग जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं. कैबिनेट मंत्री के साथ-साथ मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और प्रोटेम स्पीकर के पद पर रह चुके हैं.
