Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां मगरोंन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक व्यक्ति पर अपने ही परिवार के चार लोगों की हत्या करने का आरोप है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे सामूहिक हत्याकांड के एंगल से भी जांचा जा रहा है.
पति ने कर दी पत्नी समेत बच्चाें की हत्या
एसपी आंनद कलादगि के मुताबिक आरोपी की पहचान द्वारका पटेल के रूप में हुई है. मृतकों में उसकी पत्नी खेमा बाई पटेल, दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मजदूरी के सिलसिले में अक्सर दिल्ली आता-जाता था और कुछ दिन पहले ही दिल्ली से वापस गांव लौटा था.
शराब की लत ने हैवान बना दिया
बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का आदी था और नशे की हालत में पत्नी के साथ अक्सर विवाद और मारपीट करता था. पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. उस दौरान मृतिका खेमा बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी द्वारका के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था.
मां ने बच्चों की सलामती के लिए रखा संतान सप्तमी का व्रत
शुक्रवार के दिन संतान सप्तमी का व्रत था, ग्रामीणों के मुताबिक मृतिका खेमा ने भी अपने बच्चों की सलामती उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके उज्जवल भविष्य के लिये यह व्रत रखा था.लेकिन मां को क्या पता था कि उसके बच्चों के लिए काल कोई और नहीं बल्कि उसका पति, बच्चों का पिता द्वारका ही बनेगा.
देर रात एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से पत्नी और तीन बच्चों पर हमला कर दिया,और हमेशा हमेशा के लिये चारों को मौत की नींद सुला दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए सागर से FSL टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और वारदात से जुड़े तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढे़ं- Lormi Husband-Wife Murder: ‘फोन नहीं उठा रहे थे..’, बंद कमरे में मिले पति-पत्नी, हाल देखकर सहम गए लोग
