Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर में शनिवार रात को अचानक 10 लोगों से ज्यादा लोगों की मौत के बाद हड़कंप मच गया. शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि इन सभी लोगों की मौत दूषित शराब पीने की वजह से हुई है. पूरा मामला बंडा विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है. घटना की जानकारी लगते ही मौके पर कलेक्टर-एसपी समेत स्थानीय विधायक भी पहुंच गए. फिलहाल 20 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
स्थानीय विधायक वीरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने यह दूषित शराब पी है, तो वह सामने आकर अपना चेकअप कराएं. इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की है.
डॉक्टरों की मानें तो अस्पताल लाए गए मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे और उन्हें अकड़न महसूस हो रही थी. यही वजह है कि आने वाले समय में मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. डॉक्टरों की टीम ने भी आस पास के गांवों में लोगों की स्क्रीनिंंग भी शुरू कर दी है.
कलेक्टर की जनता से अपील
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब पी है या जहरीली शराब के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत स्क्रीनिंग कराएं. कुल मिलाकर बंडा में पूरी प्रशासन की टीम तैनात हो चुकी है. जो उन लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है जिन्होंने पिछले 48 घंटों के भीतर शराब पी है.
पुलिस के अनुसार मृतकों की लिस्ट
- गोलू उर्फ चमन लोधी (45), निवासी गूगरा खुर्द,
- दिग्विजय लोधी (28), निवासी नौराज,
- करतार सिंह लोधी (30), निवासी नौराज,
- उजियार सिंह लोधी (56), निवासी गूगरा खुर्द,
- रोशन लोधी (30), निवासी पाटन थाना विनायका
- राजेंद्र लोधी (32), निवासी नौराज-गूगरा,
- हरनाम (42) निवासी चौका,
- उत्तमसिंह (35) निवासी दलपतपुर,
- मख्खन (35) निवासी गूगरा खुर्द,
- धनसिंह(40) निवासी हिनौती
गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है. अभी कई अन्य गंभीर रूप से बीमार लोगों का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर और अन्य अस्पतालों में जारी है. जिनमें कई लोगों की हालत गंंभीर बताई जा रही है.
6 दुकानों को किया गया सील
अधिकारियों ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा प्रथम दृष्टया एहतियातन तौर पर क्षेत्र की 6 दुकानों को सील किया गया है और तत्काल सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें:केतन मर्डर केस में सिया-चेतन का दोस्त गिरफ्तार, पहले से जानता था पूरा प्लान
