केतन मर्डर केस में सिया-चेतन का दोस्त गिरफ्तार, पहले से जानता था पूरा प्लान
चेतन-रितेश और सिया-केतन
ketan Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के दोस्त रितेश हांगे को केतन के मर्डर केस में गिरफ्तार किया है. शनिवार को उसे वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया. इसके बाद कोर्ट ने आरोपी रितेश को 12 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. पुलिस की मानें तो रितेश भी पूरे मर्डर चेतन और सिया के साथ साथ था.
पुलिस ने बताया कि रितेश को पहले से ही पूरे मर्डर केस की प्लानिंग के बारे में जानकारी थी. पुलिस कस्टडी के दौरान रितेश से पूछताछ कर हत्या की साजिश में उसकी भूमिका के बारे में पता लगा रही है. इस पूरे केस में रितेश को सह-आरोपी बनाया जाएगा. इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है.
पुलिस ने चेतन चौधरी के मोबाइल फोन से मिले सुरागों के आधार पर रितेश हांगे को ट्रेस किया और बाद में उसे गिरफ्तार किया. रितेश मूल रूप से बीड जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल एक निजी कंपनी में काम करता है.
लोहागढ़ किले पर हुआ था केतन का मर्डर
केतन अग्रवाल का मर्डर 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर हुआ था. सिया जिससे केतन की शादी होने वाली थी, वो दोनों ही लोहागढ़ फोर्ट पर घूमने गए थे. इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई. सिया पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर केतन को मौत के घाट उतारा था. दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है.
एक दूसरे पर आरोप लगा रहे सिया और चेतन
केतन मर्डर केस में सबसे पहले उसकी मंगेतर सिया को ही गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस ने सिया के प्रेमी चेतन को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान दोनों ही एक दूसरे पर मर्डर करने का आरोप लगा रहे हैं. चेतन ने पुलिस से कहा कि वह सिया के साथ भागना चाहता था, लेकिन वह तैयार नहीं थी. पूरा प्लान सिया ने ही बनाया था.
अब रितेश हांगे की गिरफ्तारी से पुलिस को इस कंस्पायरेसी की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है. पुलिस हिंगे से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे इस बारे में कितनी जानकारी थी और क्या उसने इस अपराध की योजना बनाने या इसे अंजाम देने में कोई भूमिका निभाई थी.
ये भी पढ़ें: झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में तोड़ा दम