Sagar Crime News: मध्य प्रदेश के सागर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां साले ने अपने जीजा की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल के तौर पर हुई है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
हत्या की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इसमें साफ देखा जा सकता है कि आरोपी लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर रहा है. दरअसल, ये पूरा मामला मकरोनिया थाना क्षेत्र का है. जहां रविवार (27 सितंबर) को आरोपी जय अपने दोस्तों के साथ चाय की दुकान पर पहुंचा था. यहां अंकित भी मौजूद था. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते-देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. जय ने लोहे के पाइप से अंकित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी ने सिर पर हमला किया. दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह रुका नहीं.
16 सेकंड में 14 वार
हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी जय ने अंकित पर 16 सेकंड में 14 बार हमला किया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. गंभीर अवस्था में अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: सागर में BJP नेता का हाईवोल्टेज ड्रामा! बीच सड़क में बैठे, रास्ते पर लगा ट्रैफिक जाम, जानें क्या है मामला
अंतरजातीय विवाह से नाराज था
अंकित पटेल ने साल 2020 में जय द्विवेदी की बहन से अंतरजातीय विवाह किया था. इसके बाद दोनों का तलाक हो गया था. आरोपी इससे नाराज था. वह अपनी बहन की शादी किसी और से कराना चाहता था. बताया जा रहा है कि तलाक के बाद भी अंकित पूर्व पत्नी के साथ रहना चाहता था. पुलिस ने जय, राजुल समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. तीनों की तलाश की जा रही है.
