Vistaar NEWS

MP विधानसभा सत्र में आवारा कुत्तों से लेकर सिंचाई परियोजना तक के मुद्दे, बजट से पहले आएगा 15 हजार करोड़ का अनुपूरक

Madhya Pradesh Legislative Assembly (File Photo)

मध्य प्रदेश विधानसभा(File Photo)

MP News: मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र में स्थानीय से लेकर विकास से जुड़े मुद्दों पर तीखी बहस के आसार हैं. मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत राजधानी भोपाल में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या प्रमुख रूप से उठाई जाएगी.

कांग्रेस विधायक आतिफ अकील नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़े इस मुद्दे को सदन में उठाएंगे. यह सवाल सीधे नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विभाग से संबंधित है. राजधानी में आवारा कुत्तों के हमलों और बढ़ती शिकायतों को देखते हुए विपक्ष सरकार से ठोस कार्ययोजना और जवाबदेही तय करने की मांग करेगा. माना जा रहा है कि इस विषय पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो सकती है.

दमोह सिंचाई परियोजना पर ध्यानाकर्षण

वहीं सत्तापक्ष के भीतर से भी सरकार को सवालों का सामना करना पड़ सकता है. वरिष्ठ भाजपा विधायक जयंत मलैया दमोह जिले में अधूरी पड़ी सिंचाई परियोजना को लेकर जल संसाधन मंत्री के खिलाफ ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर सवाल करेंगे. परियोजना के लंबे समय से लंबित रहने और किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिलने को लेकर यह मुद्दा उठाया जाएगा. इससे यह संकेत मिल रहा है कि विकास कार्यों की गति को लेकर सत्तापक्ष के विधायकों में भी असंतोष है.

बजट से पहले आएगा अनुपूरक बजट

सत्र के दौरान राज्य सरकार फरवरी और मार्च माह के खर्चों को पूरा करने के लिए अनुपूरक बजट भी पेश करेगी. सूत्रों के अनुसार यह अनुपूरक बजट 10 से 15 हजार करोड़ रुपए के बीच हो सकता है. नियमित वार्षिक बजट पेश होने से पहले यह वित्तीय प्रावधान आवश्यक प्रशासनिक और विकासात्मक खर्चों के लिए किया जाएगा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक ओर जहां विपक्ष जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सत्तापक्ष के विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े लंबित कार्यों को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं. ऐसे में विधानसभा का यह सत्र हंगामेदार और बहस से भरपूर रहने के संकेत दे रहा है.

ये भी पढे़ं: MP News: 4.5 लाख करोड़ के बजट पर घमासान तय, चार दिन विधानसभा में खर्च और कर्ज पर सीधी भिड़ंत!

Exit mobile version