Vistaar NEWS

MP News: अवैध पशु परिवहन पर सख्त कार्रवाई, 5 दिनों में 241 गोवंश मुक्त करवाए; 19 आरोपी गिरफ्तार

Police action across the state in case of illegal animal transportation.

अवैध पशु परिवहन के मामले में पुलिस की प्रदेशभर में कार्रवाई.

MP News: मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध गोवंश और अन्य पशुओं के परिवहन और तस्करी के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले पांच दिनों में बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान 241 गोवंश और अन्य पशुओं को मुक्त कराया गया. इसके साथ ही 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

अभियान के तहत अवैध परिवहन में प्रयुक्त 01 डीसीएम, 01 कंटेनर, 07 पिकअप वाहन तथा 01 अशोक लीलैंड वाहन जब्त किए गए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में पशु क्रूरता और अवैध परिवहन संबंधी धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

इन जिलों में हुई कार्रवाई

श्योपुर

श्योपुर के थाना बरगवां क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 41 भैंसें बरामद की हैं. इनकी अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पशुओं का पता लगाया गया. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

पन्ना

पन्ना के थाना अजयगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर 07 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 105 पशु मुक्त कराए. कार्रवाई में 01 डीसीएम और 03 पिकअप वाहन जब्त किए गए. जब्त मशरूका की कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई गई है.

खरगोन

खरगोन जिले के दो अलग-अलग थानों में अवैध गौवंश परिवहन के मामलों में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 08 गोवंशों को मुक्त करवाया गया. 02 पिकअप वाहन भी जब्त किए गए.

सतना

सतना के थाना चित्रकूट पुलिस ने एक कंटेनर और 01 पिकअप वाहन की जांच में 71 भैंस और पड़वा मुक्त कराए. मौके से 08 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है.

सिवनी

सिवनी के थाना धूमा क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए 07 गौवंश मुक्त कराए गए. 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 01 पिकअप वाहन जब्त किया गया.

बुरहानपुर

बुरहानपुर के थाना गणपति नाका पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन पकड़ा. 09 गौवंश मुक्त कराते हुए अशोक लीलैंड वाहन जब्त किया गया.

मध्य प्रदेश पुलिस ने कहा है कि अवैध पशु परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध निरंतर निगरानी रखी जा रही है. आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाने को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

ये भी पढ़ें: MPPSC के पेपर में बड़ी लापरवाही, भोपाल के कमला नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल में बांटा गया सॉल्व क्वेश्चन पेपर

Exit mobile version