Vistaar NEWS

MP News: मंगूभाई पटेल के अभिभाषण से होगा विधानसभा सत्र का आगाज, दो दिन में रणनीति तय करेंगी BJP-कांग्रेस

Madhya Pradesh Legislative Assembly (File Photo)

मध्य प्रदेश विधानसभा(File Photo)

MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है. पहले दिन राज्यपाल मंगूभाई पटेल सदन को संबोधित करेंगे. अपने अभिभाषण में वे पिछले एक वर्ष के दौरान राज्य सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश करेंगे. इसमें केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं जिसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख रहेगा और बताया जाएगा कि प्रदेश में इन योजनाओं का कितना क्रियान्वयन हुआ तथा कितने हितग्राहियों को लाभ मिला.

17, 18 फरवरी को दोनों दलों की विधायक दलों की बैठक

राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही सियासी तापमान भी बढ़ने के संकेत हैं. अभिभाषण के बाद सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस दोनों अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाकर आगामी रणनीति को अंतिम रूप देंगी. सूत्रों के मुताबिक दो दिनों के भीतर दोनों दल सदन के भीतर आक्रामक रुख की रूपरेखा तय कर लेंगे. 17 और 18 फरवरी को दोनों ही दलों की विधायक दलों की बैठक हो सकती है. संभावना है कि 16 फरवरी को भी कांग्रेस या फिर भाजपा बैठक बुलाकर अपनी रणनीति तैयार कर ले.

भागीरथपुरा और छिंदवाड़ा में मौत के मामले में घेरेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि हाल ही में सामने आए कफ सिरप, दूषित पानी और अन्य घटनाओं में हुई मौतों के मुद्दे पर वह सरकार को घेरने की तैयारी में है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहले ही कुछ मंत्रियों के बयानों को लेकर आपत्ति जता चुके हैं और इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को पत्र भी लिख चुके हैं. कांग्रेस किसानों की समस्याओं, समर्थन मूल्य, फसल भुगतान और कर्ज के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब-तलब करेगी.

लाडली बहन और आजीविका मिशन पर भी सवाल जवाब

वहीं ‘लाड़ली बहना’ योजना और आजीविका मिशन के तहत महिलाओं से राशि वसूली के आरोप भी सदन में गूंज सकते हैं. विपक्ष इन विषयों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने की रणनीति बना रहा है, जबकि बीजेपी अपने पक्ष में उपलब्धियों का आंकड़ा और योजनाओं का जमीनी असर सामने रखेगी.

18 को पेश करेंगे वित्त मंत्री बजट, जनता को उम्मीद ही उम्मीद

बजट सत्र के दौरान 18 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा राज्य का बजट पेश करेंगे। यह बजट सरकार की आगामी प्राथमिकताओं और विकास एजेंडे की दिशा तय करेगा, जिस पर सदन में तीखी बहस की संभावना है. हालांकि मध्य प्रदेश की जनता को राज्य के बजट से उम्मीद ज्यादा है. दावा यह किया गया है कि जनता के अनुरूप बजट होगा. जनता को किन मुद्दों पर फायदा मिलेगा यह बजट के दिन ही स्पष्ट होगा हालांकि योजनाओं को गति देने पर सरकार फंड ज्यादा देगी, जिससे जनता तक की योजना की डिलीवरी हो जाए.

विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा, धरना-प्रदर्शन पर रोक

बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं रहेगी. पुलिस द्वारा आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जाएगी और सामान्य नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा. वीआईपी मूवमेंट और विधायकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है.

ये भी पढे़ं: MP News: भोपाल में ISBT के सामने मेहता इंडस्ट्री में लगी आग, दमकल की 40 गाड़ियों ने पाया काबू; ऐहतियातन झुग्गी बस्ती खाली करवाई गई

Exit mobile version