Vistaar NEWS

सागर में पत्नी बीमार हुई तो घर से निकाल दिया, बूढ़ा पिता बेटी को गोद में लेकर न्याय मांगने SP ऑफिस पहुंचा

The father reached the SP office carrying his daughter in his lap.

सागर में एक पिता अपनी शादीशुदा बेटी को गोद में लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा.

MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले में रिश्तों और मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां पत्नी के बीमार होने पर पति ने उसे घर से निकाल दिया. यहां तक कि दुधमुंही बच्ची को भी मां से अलग कर दिया. युवती के पिता अपने दामाद से बच्ची का हवाला देकर अपनी बीमार बेटी को घर में वापस बुलाने के लिए गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा. जिसके बाद पीड़िता के पिता अपनी बेटी को गोदी में लेकर एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाने के लिए पहुंचे. बूढ़े पिता को बेटी को इस तरह गोदी में उठाकर लाने पर एसपी कार्यालय परिसर में मौजूद सभी लोगों का दिल पसीज गया.

दहेज में पल्सर और पैसे दिए थे, लेकिन अभी भी डिमांड कर रहा

जानकारी के मुताबिक खिमलासा थाना क्षेत्र की रहने वाली भारती अहिरवार की शादी साल 2023 में बीना के रहने वाले हरिओम अहिरवार से हुआ था. इसके बाद दोनों के एक बेटी भी हुई. लेकिन युवती के पिता ने बताया, ‘शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को परेशान कर रहे थे. हर दिन दहेज की मांग करके प्रताड़ित करते थे. जिसके कारण बेटी काफी कमजोर हो गई और उसे टीबी जैसी गंभीर बीमारी हो गई. जैसे ही बेटी की बात का पता चली, पति ने बेटी को घर से निकाल दिया. एक साल से बेटी घर पर ही है. ना तो उन्होंने इलाज करवाया और ना ही बेटी को लेकर वापस जा रहा है. दामाद लगातार पैसे मांग रहा है. मेरी जितनी हैसियत है, हमने पूरी क्षमता से शादी में दहेज दिया. लड़के को पल्सर बाइक भी दिलवाई थी. लेकिन लड़का लगातार पैसे की मांग कर रहा है.’

एमटेक करके बेटी की खुद देखभाल करूंगी

वहीं भारती अहिरवार ने बताया कि वह बीटेक की पढ़ाई कर रही है. भारती का कहना है कि ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया है, लेकिन उसने हौसला नहीं छोड़ा है. वह जल्द से जल्द ठीक होकर वापस अपनी नॉर्मल लाइफ में लौटना चाहती है. भारती ने कहा कि बीटेक के बाद एमटेक करके बेटी की खुद देखभाल करूंगी और उसे पढ़ाऊंगी. बेटी को इतना मजबूत और काबिल बनाऊंगी कि उसे मेरी जैसे हालातों का सामना ना करना पड़े. वहीं बूढ़े पिता के बेटी को गोदी में लेकर एसपी ऑफिस पहुंचने के बाद तुरंत अधिकारी हरकत में आ गए. एसपी कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि थाने की पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं. जांच के बाद किसी भी आरोपी को नहीं छोड़ा जाएगा.

सागर जैसी घटनाएं हमको एक बार फिर सोचने के लिए मजबूर कर रही हैं कि रिश्तों पर कितना भरोसा किया जाए. एक महिला जो अपना घर छोड़कर दूसरे के घर को संवारने के लिए जाती है, उसे सिर्फ इस वजह से घर से निकाल दिया गया कि वह बीमार हो गई थी.

ये भी पढे़ं: MP में बोर्ड एग्जाम पास करने वाली छात्राओं के लिए खुशखबरी! ‘गांव की बेटी’ योजना के तहत मिलेंगे 5000 और 7500 रुपये

Exit mobile version