MP News: मध्यप्रदेश विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान सियासी नोकझोंक और होली के रंग एक साथ देखने को मिले. वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय चर्चा के केंद्र में रहे, जिस पर अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत के बीच हल्की-फुल्की टिप्पणियों से सदन में ठहाके गूंज उठे.
खुशनुमा माहौल और सियासी बयानबाजी एकसाथ
अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मुस्कुराते हुए कहा कि कैलाशजी आज बहुत सकारात्मक जवाब दे रहे हैं. इस पर कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने शायराना अंदाज में कहा, ‘बदले-बदले मेरे सरकार नजर आते हैं, लगता है किसी की बर्बादी के आसार नजर आते हैं.’ अध्यक्ष ने भी माहौल हल्का करते हुए पूछा कि होली पर इंदौर में ‘मूर्ख सम्मेलन’ होगा या नहीं, और उसमें शेखावत जी को बुलाया जाएगा या नहीं. इस पर शेखावत ने कहा, ‘बजरबट्टू सम्मेलन होता है, कैलाश जी किसी को बजरबट्टू नहीं बनने देते हैं. जवाब में कैलाश विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘वो पहले से ही हैं, इसलिए नहीं बुलाते. होली आ रही है.’
इस हास्यपूर्ण संवाद के बीच प्रश्नकाल समाप्त हुआ.हालांकि इसके बाद सदन का माहौल गंभीर हो गया. जब प्रदेश में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठा. कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि दो दिन की बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने मांग की है कि तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए.
‘जहां फसल का नुकसान हुआ, नियमानुसार कार्रवाई होगी’
इस पर जवाब देते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को सर्वे कराने के निर्देश दे दिए हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां-जहां फसल क्षति हुई है, वहां नियमानुसार सर्वे कर कार्रवाई की जाएगी.
विधानसभा में एक ओर होली की हल्की-फुल्की राजनीतिक चुटकियां चलीं, तो दूसरी ओर किसानों की चिंता को लेकर गंभीर चर्चा भी हुई. आगामी दिनों में सर्वे रिपोर्ट के आधार पर राहत पैकेज को लेकर सरकार के कदमों पर सबकी नजर रहेगी.
ये भी पढे़ं: MP News: मैहर में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान SI गंभीर रूप से झुलसा; पुतला दहन कर रहे थे कार्यकर्ता
