Vistaar NEWS

Ujjain Simhastha 2028: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में जुटा रेलवे, 15 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए चलेगी 7800 ट्रेनें!

Ujjain Railway Station

उज्जैन रेलवे स्‍टेशन

Railways Prepares for Simhastha: सिंहस्थ 2028 को लेकर रेलवे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. आगामी मेले में करीब 15 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान है, जिसे देखते हुए देशभर से उज्जैन और आसपास के स्टेशनों के लिए लगभग 7800 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है. इसी क्रम में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने उज्जैन सहित आसपास के कई रेलवे स्टेशनों का दौरा कर निर्माण और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

प्लेटफॉर्म से यात्री सुविधाओं तक का निरीक्षण

रतलाम मंडल के दौरे पर पहुंचे महाप्रबंधक ने उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 8 तक निरीक्षण किया. इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे. निरीक्षण में स्टेशन पर यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और सिंहस्थ को ध्यान में रखकर किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई.

नए कंट्रोल सेंटर और क्राउड एरिया का अवलोकन

महाप्रबंधक ने रनिंग रूम, हेल्थ यूनिट, लिफ्ट, एस्केलेटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पे एंड यूज टॉयलेट, बुकिंग कार्यालय और प्रतीक्षालय जैसी व्यवस्थाओं की स्थिति देखी. इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास बनाए गए नए ट्रेन संचालन नियंत्रण केंद्र और प्रस्तावित क्राउड होल्डिंग एरिया का भी अवलोकन किया गया.

आसपास के स्टेशनों पर भी फोकस

उज्जैन स्टेशन के अलावा पिंगलेश्वर, पंवासा, नईखेड़ी, चिंतामण गणेश, मोहनपुरा और विक्रम नगर समेत अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों का भी निरीक्षण किया गया. यहां हाई लेवल प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, कवर शेड, बाउंड्री वॉल, अप्रोच रोड और भीड़ नियंत्रण से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

2027 तक पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य

मीडिया से चर्चा में महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान भारी यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे सभी जरूरी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि वर्ष 2027 के अंत तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे. दौरे के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य भी मौजूद रहे.

ये भी पढे़ं- उज्जैन में भ्रष्टाचार की नई परिभाषा! ‘लड्डू-मिठाई’ जैसे कोड वर्ड, व्हाट्सएप चैट से खुली पोल, जानें क्या है मामला

Exit mobile version