उज्जैन में भ्रष्टाचार की नई परिभाषा! ‘लड्डू-मिठाई’ जैसे कोड वर्ड, व्हाट्सएप चैट से खुली पोल, जानें क्या है मामला
उज्जैन: लड्डू-मिठाई जैसे कोडवर्ड के नाम पर भ्रष्टाचार
Ujjain Unique Corruption: मध्य प्रदेश के उज्जैन से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां ‘लड्डू’ और ‘मिठाई’ जैसे कोडवर्ड के जरिए भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया. इस मामले के उजागर होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है. कलेक्टर रोशन सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं. कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
व्हाट्सएप चैट्स से खुली पोल
दरअसल, जिला शिक्षा केंद्र के ‘जेडएसके इंजीनियर सूचना’ और ‘जेडएसके के परिंदे’ नाम के दो व्हाट्सएप ग्रुप की चैट वायरल हुई. इसमें दीवाली के बाद 14 नवंबर को डीएसपी स्टाफ, 12 इंजीनियर और 7 बीआरसीसी समेत कुल मिलाकर 45 लोगों को आधा-आधा किलो मिठाई बांटने की बात कही गई. वहीं, ‘जेडएसके के परिंदे’ ग्रुप में भोपाल से मिले निर्देश के अनुसार 500-500 ग्राम के डिब्बे महाकाल प्रसाद भेजने की बात सामने आई.
ग्रुप में क्या-क्या मैसेज किए गए?
‘जेडएसके के परिंदे’ ग्रुप में मैसेज किया गया कि DPC सर द्वार भोपाल से प्राप्त निर्देश अनुसार 20 डिब्बे 500 -500 ग्राम प्रति महाकाल प्रसाद के भेजना है. उसकी जवाबदारी निर्माण शाखा को दी है. आज ही खरीद कर कल सुबह की ट्रेन से भेजना है. तो जो फण्ड जमा है जैन साहब के पास उसमें से खरीद लें ? यदि कोई आपत्ति हो तो जैन साहब / डीपीसी साहब से बात कर लें.
एक और चैट का स्क्रीन वायरल हो रहा है जिसमें भाई डुंगरानी तुमने भी बहुत जल्दी करी, सब फाइल करने में. मैंने इतने दिनों से अटका रखी थी. तुमने एक ही दिन में पता नहीं किस दबाव में आकर 200 फाइल साइन कर दी. इसके साथ ही कैलाश डुंगरानी को टैग किया गया.
ये भी पढ़ें: Bhopal News: भोपाल में DPI के सामने चयनित शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन, चयन के 9 महीने बाद भी नहीं मिली जॉइनिंग
इसी मैसेज के आगे लिखा था कि मान्यता में तो बहुत बड़ा गेम है. मैंने परसों तक 200 से ज्यादा प्रकरण अटका रखे थे. आज देखा तो सब फाइल गायब थीं. पूछने पर पता चला कि डुंगरानी का ऑर्डर निकाल कर उससे कल साइन करवा लिए. इसके साथ ही यूपीआई के लिए बारकोड भी दिया गया है, जिसके नीचे मैसेज लिखा है कि मिठाई के 800 रुपये इस पर भेज दो सभी.
जिला कलेक्टर ने क्या कहा?
कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि मीडिया के माध्यम से ये विषय संज्ञान में आया है. इस मामले में जांच की जा रही है. नोटिस भेजकर सभी से जवाब मांगा गया है. उन्होंने आगे कहा कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.