Vistaar NEWS

Ujjain: 3 मिनट में 3 लाख का सामान गायब! महाकाल मंदिर में श्रद्धालु को दोबारा दर्शन करना पड़ गया भारी, जांच में जुटी पुलिस

Thief spotted on CCTV

सीसीटीवी में दिखा चोर

Ujjain News: महाकाल की नगरी उज्जैन में जम्मू से आए श्रद्धालुओं के साथ चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. जम्मू निवासी वरुण शर्मा अपने परिवार, बुआ, मित्र गीतांजलि शर्मा और गुरुजी के साथ महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे. बुधवार को उन्हें वापस जम्मू लौटना था. रवाना होने से पहले उन्होंने एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन करने का निर्णय लिया.

इसी वजह से होटल से चेकआउट कर उन्होंने अपना सामान कार में रखा और मंदिर के लिए रवाना हो गए. लेकिन दर्शन कर लौटे तो कार से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी हो चुका था.

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज के अनुसार सुबह 11:23 बजे छात्र जैसा दिखने वाला एक युवक कार के पास पहुंचता है और महज ढाई मिनट में सामान निकालकर 11:26 बजे वहां से फरार हो जाता है. फुटेज में आरोपी बिना किसी घबराहट के बैग लेकर आराम से जाता हुआ दिखाई दे रहा है.

दर्शन के बाद लौटने पर गायब था सामान

पीड़ित वरुण शर्मा, जो जम्मू के स्थानीय पत्रकार हैं, ने बताया कि इस मामले में उनकी मित्र गीतांजलि शर्मा, निवासी एम-7, अवध, राजेंद्र नगर, बरेली ने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वे सभी स्टेशन के पास स्थित द ग्रैंड गरुड़ होटल में ठहरे हुए थे. होटल से चेकआउट करने के बाद उन्होंने अपना सामान कार में रखा और अंतिम बार महाकाल दर्शन के लिए चले गए. करीब दो घंटे बाद लौटने पर कार से सामान गायब मिला.

चोरी वाले सामान में क्या-क्या शामिल

चोरी हुए सामान में एक लैपटॉप, मोबाइल फोन, करीब 15 हजार रुपये नकद, सूटकेस और एक हैंडबैग शामिल है. बैग में जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी रखा था. पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है. वरुण शर्मा ने बताया कि वे चार लोग कार से उज्जैन आए थे, जिनमें उनकी बुआ, एक मित्र और गुरुजी भी शामिल थे.

जांच में जुटी पुलिस

महाकाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बेहद कम समय में पूरी वारदात को अंजाम दिया और आराम से मौके से निकल गया.

ये भी पढे़ं- Ujjain: महाकाल सवारी में चोरों का आतंक, जेबकतरों ने 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और चेन पर किया हाथ साफ

Exit mobile version