देवास TI हत्याकांड: पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया, कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का निकला कनेक्शन

Dewas TI Murder Case: देवास जिले में खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है. पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है.
Dewas TI Murder Case, Three Suspects Detained

कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल

Three Suspects Detained: मध्य प्रदेश के देवास जिले में इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की चेकिंग के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को आयशर वाहन से बेरहमी से कुचलकर मार डालने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. इस पूरे तस्करी नेटवर्क में शराब कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता पदाधिकारी राहुल जायसवाल की संलिप्तता सामने आई है, जिन्हें मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने खातेगांव विधानसभा का प्रभारी नियुक्त कर रखा था. जांच में सामने आया कि टिमरनी स्थित शराब दुकान में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल पार्टनर हैं.

पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया

हरदा जिले के टिमरनी में पुलिस ने छापेमारी करके वाइन शॉप के मैनेजर भूपेंद्र राणा को हिरासत में लिया है. जिसने पुलिस के सामने कांग्रेस नेता और उनके भाई की पार्टनरशिप की पुष्टि की है. हरदा के शराब कारोबारी और शराब कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल जायसवाल का नाम आने के बाद शराब तस्करी नेटवर्क की जांच तेज हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजी उपेंद्र जैन जांच की कमान संभालेंगे. पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और राहुल जायसवाल के संबंधों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पर शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. तस्करी में प्रयुक्त आयशर वाहन खरगोन निवासी अकील कुरैली के नाम पर पंजीकृत पाया गया है.

सीक्रेट चैंबर में छिपा रखी थी शराब

आबकारी निरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया कि जब्त वाहन में ऊपर नहीं, बल्कि नीचे एक विशेष गुप्त कंपार्टमेंट बनाकर बिना किसी वैध परमिट के 100 से 200 शराब की पेटियां तस्करी के लिए ले जाई जा रही थीं. टीआई द्वारा चेकिंग के लिए रुकवाते ही चालक ने उन पर वाहन चढ़ा दिया. वाहन में शराब परिवहन से संबंधित कोई भी वैध परमिट मौजूद नहीं था. नियमानुसार वैध परमिट होने पर आबकारी विभाग के पास रिकॉर्ड रहता है, परंतु यह पूरी तरह अवैध तरीके से ले जाई जा रही थी.

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने क्या कहा?

डिप्टी सीएम और आबकारी मंत्री टीआई दिलीप पुरी की हत्या पर दुख जताया है. उन्होंने अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही है. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि घटना बेहद दुखद निंदनीय है. आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रहा है.

उमंग सिंघार ने सरकार कसा तंज

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने देवास की दुर्घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में अब पुलिसकर्मी भी शराब माफियाओं के ट्रक से कुचले जा रहे हैं. प्रदेश की जनता जहरीली शराब पीकर जान गंवा रही है, पुलिसकर्मी शराब माफियाओं के ट्रक का शिकार हो रहे हैं और मुख्यमंत्री मोहन यादव मौन साधे बैठे हैं. यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: देवास में शराब तस्करों ने टीआई पर चढ़ाया ट्रक, हुई मौत, अवैध तस्करी करने से रोक रहे थे

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री, आखिर शराब माफियाओं पर लगाम कसने में आपकी सरकार क्यों नाकाम है? हर बार छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदारों को क्यों बचाया जाता है? शराब माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है? प्रदेश की जनता इन सवालों का जवाब चाहती है.

ज़रूर पढ़ें