MPESB की सुस्त रफ्तार, सालभर में हुईं 10 परीक्षाएं, रिजल्ट केवल 4 का हुआ जारी

MP ESB Exam Calendar 2026: ESB के परीक्षा कैलेंडर और भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार काफी धीमी रही है. 18 परीक्षाओं में तीन प्रवेश परीक्षाएं और एक पात्रता परीक्षा भी शामिल थी. इस साल 10 भर्ती परीक्षाओं के अलावा प्री-नर्सिंग चयन परीक्षा, पशुपालन एवं डेयरी प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा और प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट आयोजित किए गए. इन तीनों प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो चुके हैं.
Madhya Pradesh Employees Selection Board (File Photo)

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (फाइल फोटो)

MP ESB Exam Calendar 2026: मध्य प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे और भर्ती प्रक्रिया की जमीनी रफ्तार के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है. प्रदेश सरकार लगातार सरकारी पदों पर भर्ती और युवाओं को रोजगार के अवसर देने की बात कर रही है, लेकिन सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षाएं कराने वाली एजेंसी मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है. साल 2026 के परीक्षा कैलेंडर में मंडल ने कुल 18 परीक्षाएं शामिल की थीं.

इनमें 14 भर्ती परीक्षाएं थीं, लेकिन सालभर में 10 भर्ती परीक्षाएं ही आयोजित हो सकीं. इन 10 में से भी सिर्फ चार के परिणाम जारी हुए हैं, जबकि छह परीक्षाओं के नतीजे अब तक लंबित हैं. तीन भर्ती परीक्षाएं अगले साल तक पहुंच गई हैं और एक परीक्षा की तारीख घोषित होना बाकी है.

13 में से सिर्फ 7 परीक्षाओं के नतीजे आए

ESB के परीक्षा कैलेंडर और भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार काफी धीमी रही है. 18 परीक्षाओं में तीन प्रवेश परीक्षाएं और एक पात्रता परीक्षा भी शामिल थी. इस साल 10 भर्ती परीक्षाओं के अलावा प्री-नर्सिंग चयन परीक्षा, पशुपालन एवं डेयरी प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा और प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट आयोजित किए गए. इन तीनों प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो चुके हैं.

इस तरह आयोजित 13 परीक्षाओं में से सात के परिणाम आए हैं, जबकि छह भर्ती परीक्षाओं के नतीजों का इंतजार जारी है. बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की थी कि हमारी सरकार एक लाख पदों पर हर साल भर्ती करेगी लेकिन सरकार के वादों पर कर्मचारी चयन मंडल अमल करता नहीं दिखाई दे रहा है.

छह भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अटके

इस साल आयोजित भर्ती परीक्षाओं में समूह-5 स्टाफ नर्स एवं पैरामेडिकल, वनरक्षक एवं जेल प्रहरी संयुक्त भर्ती, सहायक उपनिरीक्षक एवं प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) और आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी किए जा चुके हैं. वहीं अस्पताल सहायक, नर्सिंग ऑफिसर एवं सिस्टर ट्यूटर, कृषि विस्तार अधिकारी, समूह-2 उपसमूह-4, सूबेदार एवं उपनिरीक्षक और सूबेदार (आशुलिपिक) एवं सहायक उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अब तक घोषित नहीं हुए हैं.

इन परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थी परिणाम के इंतजार में हैं. परीक्षा देने के बाद चयन की अगली प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसे लेकर भी अभ्यर्थी सवाल पूछ रहे हैं.

चार परीक्षाओं का कार्यक्रम बदला

कर्मचारी चयन मंडल को इस साल चार परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा. इनमें कृषि विस्तार अधिकारी, वनरक्षक एवं जेल प्रहरी संयुक्त भर्ती, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा और समूह-3 उपयंत्री एवं अन्य पदों की संयुक्त भर्ती परीक्षा शामिल हैं. इन परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया गया या इन्हें स्थगित करने की सूचना जारी हुई. नायब तहसीलदार और समूह-3 की परीक्षाएं अब जनवरी 2027 में प्रस्तावित हैं.

एक भर्ती प्रक्रिया में एक साल से ज्यादा का इंतजार

भर्ती प्रक्रिया की सुस्ती का उदाहरण अस्पताल सहायक भर्ती परीक्षा भी है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2025 को शुरू हुई थी, जबकि परीक्षा 24 जून से 8 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की गई. यानी आवेदन शुरू होने से परीक्षा होने तक एक साल से ज्यादा का समय लग गया. ऐसे में उन युवाओं की चिंता समझी जा सकती है, जो सीमित आयु सीमा और लगातार बदलती भर्ती तारीखों के बीच सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं.

पुलिस भर्ती की तारीख भी तय नहीं

मंडल के संशोधित कैलेंडर के मुताबिक तीन भर्ती परीक्षाएं वर्ष 2027 तक खिसक गई हैं. इनमें 4 जनवरी को एक भर्ती परीक्षा, 10 जनवरी को नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा और 20 जनवरी से समूह-3 उपयंत्री एवं अन्य पदों की संयुक्त भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है. वहीं पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.

दरअसल, सरकार की ओर से युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे किए जा रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी, परिणामों का लंबित रहना और परीक्षाओं का अगले साल तक खिसकना उन वादों की अमल न होना बड़े सवाल खड़े करता है. ऐसे में बेरोजगार युवाओं के लिए सिर्फ परीक्षा कैलेंडर जारी होना पर्याप्त नहीं है. उन्हें समय पर परीक्षा, तय समयसीमा में परिणाम और नियुक्ति भी देना कर्मचारी चयन मंडल की जिम्मेदारी है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें