Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार शाम पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बगड़िया टावर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की शुरुआत शाम करीब 4 बजे इमारत के निचले हिस्से में मौजूद एक मेडिकल स्टोर से हुई. कुछ ही देर में आग की लपटें ऊपर बने फ्लैट्स तक पहुंच गईं. घटना के समय बिल्डिंग में करीब 15 लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
वेंटिलेशन चैंबर से ऊपरी मंजिलों तक फैला धुआं
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के मुताबिक, मेडिकल स्टोर का शटर बंद होने के कारण आग से निकला धुआं वेंटिलेशन चैंबर के जरिए ऊपरी मंजिलों तक फैल गया. देखते ही देखते पूरी इमारत में धुआं भर गया, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मुश्किलें आईं. स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी दीनबंधु तोमर चार पुलिसकर्मियों के साथ टावर की छत पर पहुंचे. बचाव कार्य में मदद के लिए क्रेन भी बुलाई गई. रेस्क्यू टीम ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने पर कुछ लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
रेस्क्यू अभियान के दौरान नगर निगम में तैनात फायरमैन अभिषेक तिवारी की भी तबीयत बिगड़ गई. उन्होंने बताया कि वह टीम के साथ इमारत के अंदर गए थे और कैंसर से पीड़ित एक महिला तथा उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें सूचना मिली कि निचली मंजिल पर दो महिलाएं और फंसी हुई हैं. उन्हें बचाने के लिए टीम दोबारा अंदर पहुंची, लेकिन वहां धुआं इतना अधिक था कि दम घुटने के कारण वह खुद भी गिर पड़े. इसके बाद टीम के अन्य सदस्यों ने एक-दूसरे को संभाला और किसी तरह बाहर निकले.
दुकानों के शटर तोड़कर अंदर डाला पानी
शाहिद के मुताबिक, शुरुआत में आग कम थी, इसलिए उन्होंने घर से बाल्टियों में पानी लाकर उसे बुझाने की कोशिश की. इसी बीच दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गईं, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी. उन्होंने बताया कि ऊपर से तीन से चार लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की गई. इसके अलावा आग पर काबू पाने के लिए चार दुकानों के शटर तोड़कर अंदर पानी डाला गया. शाहिद करीब दो घंटे तक आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे रहे.
सांसद ने की इनाम की घोषणा
सांसद अनिल फोजिया विधायक अनिल जैन ने जिन-जिन लोगों ने लोगों की जान बचाने का काम किया उन सभी को सम्मानित करने की प्रति सरकार से मांग की है. सांसद अनिल फिरोजिया रेस्क्यू करने वालों को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की है.
