Ujjain News: उज्जैन में सावन के पहले सोमवार को भगवान महाकाल की भव्य सवारी के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाया. सवारी और दर्शन के बीच 50 से अधिक लोगों के मोबाइल, पर्स और सोने की चेन चोरी होने की शिकायतें महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं थानों में दर्ज कराई गई हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दो दर्जन से अधिक संदिग्ध महिला और पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने किया हाथ साफ
महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए सोमवार को तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि सवारी मार्ग पर करीब डेढ़ लाख लोगों की भीड़ रही. इसी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने लाइन में खड़े श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. इसके अलावा पांच से अधिक महिलाओं ने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है.
पुलिस की तैयारियों पर उठे सवाल
घटनाओं के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है. दरअसल, सवारी से एक दिन पहले पुलिस ने जेबकतरों और चेन स्नेचरों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया था. इस दौरान शंकरपुर, पारी डेरा, छुमछुम बाबा डेरा, मालगोदाम मार्ग, नगर निगम परिसर, कार्तिक मेला मैदान, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर 21 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था. इसके बावजूद सवारी के दौरान बड़ी संख्या में चोरी की घटनाएं सामने आईं.
हरसिद्धि क्षेत्र में सबसे ज्यादा शिकायतें
सबसे ज्यादा शिकायतें हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र से मिलीं. रतलाम की अनिता और उनकी रिश्तेदार आरती ने हरसिद्धि चौराहे पर मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई. वहीं मुंबई निवासी श्रीजी ने आरोप लगाया कि एक महिला उनके गले से सोने की चेन खींचकर भीड़ में गायब हो गई.
महिला संदिग्धों से पूछताछ जारी
मीरा रोड, मुंबई की रहने वाली बबीता ने बताया कि हरसिद्धि मंदिर परिसर स्थित भोलेनाथ मंदिर में एक महिला ने उनके गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की. उन्होंने पेंडेंट पकड़ लिया और शोर मचाया, जिसके बाद उनके परिजनों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया. आरोप है कि महिला चेन एक बच्ची को देकर फरार करा चुकी थी.
पकड़ी गई महिला को महाकाल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. इसी तरह जयपुर की कमलाबाई के गले से भी सोने की चेन चोरी होने की शिकायत सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
