Vistaar NEWS

Ujjain: माधव कॉलेज में गणेश विसर्जन पर बवाल, NSUI ने प्रिंसिपल की उतारी आरती, टेबल पर चढ़ाए लड्डू

ujjain

उज्जैन

Ujjain Madhav College: उज्जैन: शहर के सबसे पुराने शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में शुक्रवार को गणेश उत्सव का समापन हंगामे के साथ हुआ. अनंत चतुर्दशी के दिन विसर्जन को लेकर छात्र संगठन NSUI और कॉलेज प्रशासन के बीच तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते मामला नारेबाजी और प्रतीकात्मक विरोध तक पहुंच गया.

विसर्जन को लेकर हंगामा

जानकारी के मुताबिक कॉलेज परिसर में इस साल भी गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी. प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह ने पहले ही स्पष्ट किया था कि इस बार आयोजन किसी छात्र संगठन के बैनर तले नहीं, बल्कि कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों द्वारा किया जाएगा. NSUI ने इस पर सहमति भी जताई थी.

DJ की परमिशन को लेकर शुरू हुआ विवाद.

दरअसल, शुक्रवार को महाआरती के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने ढोल-डीजे बजाने की अनुमति मांगी. प्राचार्या ने जिला प्रशासन के आदेश का हवाला देते हुए इससे इनकार कर दिया. साथ ही कॉलेज परिसर में बाहरी राजनीतिक लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई.

NSUI जिला अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला का आरोप है कि एक तरफ उन्हें अनुमति नहीं दी गई, दूसरी तरफ ABVP से जुड़े छात्रों को बुलाकर आरती कराई गई और उन्हीं से प्रतिमा का विसर्जन करा दिया गया. इस बात से नाराज NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में धरना शुरू कर दिया.

प्राचार्या की आरती उतारी

विरोध के दौरान NSUI कार्यकर्ता प्राचार्य कक्ष में पहुंचे और प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह की प्रतीकात्मक आरती उतार दी. इतना ही नहीं उनकी टेबल पर लड्डुओं का भोग भी लगा दिया. कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब कॉलेज प्रशासन पक्षपात करेगा तो इसी तरह विरोध किया जाएगा.

क्या बोला कॉलेज प्रशासन?

इस पूरे मामले पर प्राचार्या डॉ. कल्पना सिंह ने कहा कि कॉलेज ने कलेक्टर द्वारा जारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया है. कॉलेज परिसर में किसी भी संगठन के बाहरी पदाधिकारी ने प्रवेश नहीं किया, जो मौजूद थे वे सभी कॉलेज के छात्र ही थे.उन्होंने कहा कि NSUI से जुड़े कुछ छात्रों ने प्राचार्य कक्ष में आकर हंगामा किया है. इसका संज्ञान अनुशासन समिति ने लिया है. पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है. शनिवार दोपहर बैठक के बाद दोषी छात्रों पर कार्रवाई तय की जाएगी.

जमुई-समस्तीपुर और अब किशनगंज में लड़की से बदसलूकी, बिहार में नहीं थम रही बीच सड़क हैवानियत!

Exit mobile version