MP News: गायों की मौत से भड़के ग्रामीण, विधायक गोलू शुक्ला की बस पर किया पथराव, लगाई आग

MP News: घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. गायों को टक्कर मारने वाली बस भाजपा विधायक गाेलू शुक्ला की ट्रेवल्‍स कंपनी की बताई जा रही है.
Golu Shukla's bus set on fire.

गोलू शुक्ला की बस में लगाई आग

MP News: उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई. पंथ पिपलाई स्थित बलराम जाट ढाबे के पास उज्जैन की ओर आ रही एक यात्री बस ने सड़क पर बैठी दो गायों को टक्कर मार दी.

हादसे में दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. गायों को टक्कर मारने वाली बस भाजपा विधायक गाेलू शुक्ला की ट्रेवल्‍स कंपनी की बताई जा रही है.

यात्रियों को उतारकर बस में की तोड़फोड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने सबसे पहले बस में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए. कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी.

विधायक की ट्रेवल्स कंपनी से जुड़ी बताई जा रही बस

बताया जा रहा है कि यह बस इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की ट्रेवल्स कंपनी से जुड़ी है. आग लगने की घटना के बाद उज्जैन-इंदौर मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ.

चालक-परिचालक मौके से निकले, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद भीड़ बढ़ती देख बस चालक और परिचालक वहां से निकल गए, जबकि यात्री पहले ही सुरक्षित उतर चुके थे. शुरुआती जानकारी में बस में तोड़फोड़ और आगजनी की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई

नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि दो गायों की मौत के बाद कुछ लोगों ने बस को नुकसान पहुंचाया. उन्होंने कहा कि फिलहाल यह भी संभावना जताई जा रही है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो. आग लगने की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

ये भी पढे़ं- धार में एकलव्य स्कूल हॉस्टल में छात्रों की बेल्ट से पिटाई, सीनियर्स पर मारपीट का आरोप; मैनेजमेंट ने कही जांच की बात

ज़रूर पढ़ें