‘अंग्रेजों की छोड़ी गई जूठन…,’ CM सम्राट चौधरी की अंग्रेजी का मजाक उड़ाने वालों पर भड़कीं उमा भारती
उमा भारती
Samrat Chaudhary: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. जिसमें उनके द्वारा बोले गए अंग्रेजी के शब्दों का मीम्स बनाते हुए मजाक उड़ाया गया है. सोशल मीडिया पर सीएम सम्राट चौधरी को जमकर ट्रोल किया जा रहा है. हालांकि वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है. मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री रहीं उमा भारती ने भी सम्राट चौधरी के पक्ष में एक पोस्ट कर उनका समर्थन किया है और मजाक उड़ाने वालों को अंग्रेजों की छोड़ी गई जूठन बताया है.
उमा भारती ने क्या कहा?
उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी का ठीक से अंग्रेजी नहीं बोल पाने का मजाक उड़ाने वाले अंग्रेजों की छोड़ी गई जूठन हैं एवं हीन भावना से ग्रसित हैं. रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अंग्रेजी नहीं बोलते लेकिन वे दोनों आज दुनिया के चार शक्तिशाली लोगों में से हैं. धिक्कार है ऐसी अंग्रेज परस्त मानसिकता रखने वालों पर.”
1. बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी का ठीक से अंग्रेजी नहीं बोल पाने का मजाक उड़ाने वाले अंग्रेजों की छोड़ी गई जूठन हैं एवं हीन भावना से ग्रसित हैं।
— Uma Bharti (@umasribharti) May 14, 2026
2. रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अंग्रेजी नहीं बोलते लेकिन वे दोनों आज दुनिया के चार शक्तिशाली…
ट्रोल करने वालों को सुनाई खरी-खोटी
उमा भारती भाजपा की सीनियर नेता हैं. कई बार वे अपनी पार्टी को भी नसीहत दे चुकी हैं. उनकी पहचान एक फायर ब्रांड नेता के रूप में है. उन्होंने अंग्रेजी को लेकर सीएम सम्राट चौधरी का खुलकर समर्थन किया है. पोस्ट के माध्यम से ट्रोल करने वालों को जमकर खरी-खोटी सुनाई है. उमा भारती ने इसे भारतीय मानसिकता के खिलाफ बताया है.
सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा वीडियो
सम्राट चौधरी का सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाने की वीडियो ने अब बड़ा सियासी रूप ले लिया है. सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस अब बड़े राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गई है. एक ओर जहां ट्रोल करने वाले सम्राट चौधरी का मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं भाजपा के नेता सम्राट चौधरी का खुलकर समर्थन कर रहे हैं.