Vistaar NEWS

1300 KM दूर मुकम्मल हुई मोहब्बत, सोशल मीडिया पर दोस्ती, अनोखी है इस 3 फीट की जोड़ी की प्रेम कहानी

UP MP Love Story

अनोखी शादी

UP MP Love Story: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. अंजड़ नगर परिषद में 17 वर्षों से कार्यरत कर्मचारी मुकेश कुशवाह ने उत्तर प्रदेश के बलरामपुर की नेहा कुशवाह से विवाह किया है. दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और उनके बीच लगभग 1300 किलोमीटर की दूरी थी. 35 वर्षीय मुकेश का कद सामान्य से कम, लगभग तीन से चार फीट है, जिसके कारण उन्हें विवाह के लिए लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

पिता का भी कद छोटा

उनके पिता रामू कुशवाह का भी कद छोटा था और उनका निधन हो चुका है. परिवार में उनके बड़े भाई राधू हैं. करीब दो साल पहले, सोशल मीडिया के जरिए मुकेश की पहचान उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले की नेहा कुशवाह से हुई. नेहा का कद भी सामान्य से कम है, जिससे दोनों के बीच एक समानता बनी. सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई, जो बाद में प्रेम संबंध में परिवर्तित हो गई. दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया और अपने-अपने परिवारों को इस बारे में बताया.

नेहा के परिजनों ने जुटाई जानकारी

नेहा के परिजनों ने अंजड़ आकर मुकेश के बारे में जानकारी जुटाई, जहां उन्हें मुकेश के अच्छे स्वभाव और आर्थिक स्थिति के बारे में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली. इसके बाद दोनों परिवार इस विवाह के लिए सहमत हो गए. दोनों परिवारों की सहमति के बाद, मुकेश और नेहा का विवाह श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में संपन्न हुआ. शादी के बाद शनिवार शाम को मुकेश अपनी पत्नी नेहा के साथ अंजड़ स्थित श्री खाटू श्याम बाबा मंदिर पहुंचे. यहां स्थानीय लोगों और परिचितों ने नवदंपति का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं.

ये भी पढे़ं: ठगी का ऐसा तरीका! एप्पल के प्रोडक्ट ऑनलाइन मंगाते थे, फिर नकली सामान भर देते थे; लगाया लाखों का चूना

Exit mobile version