MP News: जीवन में सिर्फ कमाना ही मकसद नहीं होना चाहिए. जीवन को जीना भी चाहिए. और इसके लिए स्वस्थ रहने की जरूरत है. इसी मूल मंत्र को लेकर नेपाल से निकले हैं विष्णु नाथ, जो साइकिल के जरिए नेपाल से लेकर रामेश्वरम तक की यात्रा कर रहे हैं. करीब ढाई हजार किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान विष्णुनाथ पर्यावरण, भाईचारा और स्वस्थ शरीर का संदेश दे रहे हैं. मूलतः नेपाल के रहने वाले विष्णुनाथ बताते हैं कि उनकी उम्र 50 साल हो चुकी है और उन्होंने भारत में बहुत समय गुजारा है. भारतीय संस्कृति और हिंदी सिनेमा से वह बहुत प्रभावित हैं, इसलिए उन्होंने साइकिल से लंबी यात्रा के लिए भारत घूमने की योजना बनाई.
6 दिनों में पूरा किया साइकिल से जबलपुर से नेपाल का सफर
6 दिनों में ही वह नेपाल से जबलपुर तक साइकिल से सफर पूरा कर चुके हैं. और अब आगे का सफर अगले 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है. रोजाना विष्णुनाथ करीब 150 किलोमीटर का सफर कर लेते हैं. जिस शहर, गांव या कस्बे में रात हो जाती है, वहीं रात गुजारते हैं और फिर दूसरे दिन आगे के सफर के लिए बढ़ जाते हैं.
नेपाल में करते थे इंश्योरेंस कंपनी में काम
विष्णुनाथ नेपाल में इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे. जीवन भर पैसा कमाया और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा किया, लेकिन फिर स्वस्थ शरीर पाने के लिए साइकिलिंग करना शुरू कर दिया. पहली यात्रा उन्होंने नेपाल देश की की. नेपाल के अलग-अलग शहरों में जाकर लोगों को पर्यावरण और स्वस्थ शरीर का संदेश दिया. लेकिन फिर उन्होंने अगला लक्ष्य भारत यात्रा का बनाया.
बेहतर अनुभव के साथ पूरी हुई यात्रा
इस सफर के दौरान उन्हें अब तक बेहद अच्छा अनुभव हुआ है. जिस शहर में पहुंचते हैं, लोग उनके सफर की जानकारी लेते हैं, उन्हें बधाइयां देते हैं और उनकी हर संभव मदद भी करते हैं. विष्णु नाथ बताते हैं कि पिछले 6 दिनों के सफर में उन्होंने 1 रुपये भी खर्च नहीं किया. जिस शहर में रुके, उस शहर के लोगों ने उनके खाने-पीने की मदद कर दी. उन्होंने जीवन में पैसा कमाने के साथ-साथ जीवन को बेहतर तरीके से जीने का भी लक्ष्य बनाया है. इसलिए वह फिटनेस के लिए साइकिलिंग करते हैं. एक यात्रा वह नेपाल की भी कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने इस बार नेपाल से रामेश्वरम तक की यात्रा को चुना है.
ये भी पढे़ं- Maha Shivratri 2026: महाशिवरात्रि के दिन बाबा महाकाल भक्तों को नॉनस्टॉप देंगे दर्शन, 44 घंटे तक खुला रहेगा दरबार
