छतरपुर में यूथ कांग्रेस का पुतला दहन प्रदर्शन बेकाबू, पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुतले में लगी आग से कई लोग झुलसे

MP News: यूथ कांग्रेस द्वारा प्रदेश के सीएम मोहन यादव के खिलाफ प्रस्तावित पुतला दहन प्रदर्शन उस समय अचानक बेकाबू हो गया.
Youth Congress Protest in Chhatarpur

छतरपुर में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

MP News: छतरपुर में यूथ कांग्रेस द्वारा प्रदेश के सीएम मोहन यादव के खिलाफ प्रस्तावित पुतला दहन प्रदर्शन उस समय अचानक बेकाबू हो गया, जब पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई. प्रदर्शन शहर की कानून व्यवस्था और एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट के विरोध में किया जा रहा था.

पुतले पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग

जानकारी के अनुसार, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से पुतला लेकर प्रदर्शन के लिए निकले ही थे कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और पुतला छीनने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की और विवाद शुरू हो गया. हालात तब और बिगड़ गए जब एक कार्यकर्ता ने पुतले पर पेट्रोल डाल दिया और दूसरे ने उसमें आग लगा दी.

आग से कई लोग झुलसे

अचानक भड़की आग की लपटों की चपेट में आकर पुलिस आरक्षक आशीष खरे, संदीप राय, कपेंद्र सिंह घोष समेत करीब 10 से 12 कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए. घटना के बाद भी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए छत्रसाल चौराहे पहुंचे और वहां धरना देकर प्रदर्शन जारी रखा.

कार्यकर्ता और डॉक्‍टरों के बीच तीखी बहस

घटना के बाद पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक बार फिर माहौल गरमा गया. यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, कपिल रिछारिया, मनमोहन कुशवाहा आदि का अस्पताल में इलाज किया जा रहा था. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं और डॉक्टरों के बीच इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों के काम बंद करने की स्थिति बन गई. हालांकि समझाइश के बाद इलाज दोबारा शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और डॉक्टरों के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति बनी रही.

कांग्रेस नेताओं ने अस्‍पताल पर लगाया आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अस्पताल में उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया, जिससे नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया. वहीं डॉक्टरों का कहना है कि कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचते ही दबाव बनाने लगे और अभद्रता करते हुए धमकी देने लगे. स्थिति को संभालने के लिए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और समझाइश के बाद सभी घायलों का इमरजेंसी में उपचार शुरू किया गया.

ये भी पढे़ं- MP News: एमपी में समर्थन मूल्‍य पर गेहूं खरीदी के लिए स्‍लॉट बुकिंग की तारीख हुई 23 मई, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

ज़रूर पढ़ें