बेंगलुरु में एक महिला का रैपिडो ऑटो चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कभी आईटी सेक्टर में काम करने वाली इस महिला ने पिता की मौत के बाद अपनी मां की जिम्मेदारी संभालने के लिए नौकरी छोड़ दी. महिला को देखकर शायद ही कोई अंदाजा लगा पाए कि वह कभी आईटी सेक्टर में काम करती थी. हालांकि, उनकी जिंदगी में आए एक बड़े बदलाव ने उन्हें कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर ऑटो चलाने का फैसला लेने पर मजबूर कर दिया. कंटेंट क्रिएटर तन्वी की मुलाकात इस महिला से उस वक्त हुई, जब वह रैपिडो ऑटो से सफर कर रही थीं. बातचीत के दौरान तन्वी को पता चला कि ऑटो चला रही महिला पहले आईटी में काम करती थीं. ऑटो चलाना उनके लिए कोई आसान या सामान्य विकल्प नहीं था. उन्होंने बताया कि परिवार के लोग भी शुरुआत में उनके इस फैसले के खिलाफ थे. इसके बावजूद उन्होंने अपने फैसले पर भरोसा किया और ऑटो चलाना शुरू कर दिया. महिला के मुताबिक, उनका यह फैसला उम्मीद से बेहतर साबित हुआ. उन्होंने तन्वी को बताया कि अब उनकी कमाई आईटी की नौकरी से ज्यादा है. इसके अलावा ऑटो चलाने से उन्हें अपने समय पर ज्यादा नियंत्रण मिलता है और वह अपनी मां के साथ भी ज्यादा वक्त बिता पाती हैं. महिला की कहानी सिर्फ करियर बदलने की कहानी नहीं है. वह महीने के करीब 60,000 रुपये कमा रही है और पहले के मुकाबले ज्यादा खुश है.