Chardham Yatra 2026: बद्रीनाथ के कपाट खुलते ही उमड़े श्रद्धालु, 11 दिन में 4 लाख ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा 2026
Chardham Yatra 2026 Devotee Rush Begins: देश के सबसे पवित्र स्थलों में से एक उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा शुरू हुए 10 दिन से अधिक का समय हो चुका है. इस यात्रा के लिए देश के चारों कोनों से श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए आ रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस साल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब देखने को मिल रहा है. उत्तराखण्ड की इस पवित्र धरती की यात्रा को शुरू हुए अभी केवल 11 दिन ही हुए हैं और लगभग 4 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.
यात्रा में भारी भीड़ और बदलते मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हो रही है और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं की इस भीड़ से यह स्पष्ट है कि उत्तराखण्ड का यह पवित्र चारधाम आस्था का कितना बड़ा केंद्र है.
श्रद्धालुओं के बीच चुनौतियां
बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए अब तक 4 लाख से ज्यादा भक्त पहुंच चुके हैं. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने हेलीपैड पर एक साथ दो हेलीकॉप्टर उतारने के इंतजाम किए हैं, ताकि हवाई यात्रा करने वालों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े. दूसरी ओर खराब मौसम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. कल रात हुई तेज बारिश में करीब 10 हजार भक्त भीग गए और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओले गिरने से काफी ठंड बढ़ गई है. आरती के समय भी बारिश जारी रही, लेकिन भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ.
बद्रीनाथ हेलीपैड बड़ा बनाने की मिली मंजूरी
वैदिक मंत्रों के साथ सुबह-सुबह बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. दर्शन के लिए वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जहां लाखों लोगों ने भगवान के दर्शन किए, वहीं बड़ी संख्या में भक्त अभी भी रास्ते में ही हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ हेलीपैड को बड़ा बनाने के लिए 1.74 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है. इस कदम से न केवल यात्रा और हवाई सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि संकट के समय राहत और बचाव कार्य भी तेजी से किए जा सकेंगे.
ये भी पढ़ें-Buddha Purnima 2026: बुद्ध पूर्णिमा पर घर लाएं ये 5 शुभ चीजें, बरसेगी सुख-शांति और अपार धन
यमुनोत्री मार्ग पर दुर्घटना
गंगोत्री और यमुनोत्री में अब तक करीब 1.15 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. इस बीच यमुनोत्री मार्ग पर दो दुखद घटनाएं हुईं, जहां दिल का दौरा पड़ने और घोड़े से गिरने के कारण दो तीर्थयात्रियों की जान चली गई. इसे देखते हुए प्रशासन ने बुजुर्गों और बीमार लोगों को यात्रा से पहले अपनी मेडिकल जांच कराने की सख्त सलाह दी है.