Lord Vishnu Awakening Puja: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है. इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, चार महीने की योगनिद्रा पूरी करने के बाद भगवान विष्णु इसी दिन जागते हैं. उनके जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाती है और शादी-विवाह समेत दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. इस साल देवउठनी एकदशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी. इसे देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है. इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने की भी परंपरा है.
एकादशी का भगवान विष्णु से क्या है संबंध?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं. इस तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है. इसके बाद चार महीने तक श्रीहरि क्षीरसागर में विश्राम करते हैं. फिर कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को वे योगनिद्रा से जागते हैं. इसी वजह से इस दिन को देवउठनी एकादशी कहा जाता है. भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास का समापन ही जाता है.
श्रीहरि को जगाने की क्यों है परंपरा?
हिंदू धर्म में भगवान विष्णु को संसार का पालनहार माना जाता है. मान्यता है कि जब भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, तब विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं. इस समय को चातुर्मास कहते हैं. देवउठनी एकादशी पर उनके जागने के बाद मांगलिक कार्य दोबारा शुरू हो जाते हैं. इसी खुशी में भक्त भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन करते हैं.
देवउठनी एकादशी पर कैसे जगाते हैं भगवान विष्णु?
- इस दिन सुबह स्नान करने के बाद भगवान विष्णु की पूजा की जाता है.
- परंपरा के अनुसार, शंख, घंटी और मृदंग बजाकर श्रीहरि को नींद से जगाया जाता है.
- भक्त उनसे संसार में सुख-शांति और शुभ कार्यों की शुरुआत की प्रार्थना करते हैं.
- इसके बाद भगवान को पंचामृत से स्नान कराकर विधि-विधान से पूजा की जाती है.
- पूजा में सिंघाड़ा, कंद, नया आलू, गुड़ और गन्ना जैसी मौसमी चीजें चढ़ाई जाती हैं.
- मान्यता है कि इससे भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं.
