Hindu Marriage Tradition: शादी-विवाह को लेकर आजकल लोगों की पसंद बदल रही है. अब ज्यादातर परिवार दिन के बजाय रात में विवाह समारोह आयोजित करना पसंद करते हैं. शहरों में तो दिन की शादियां कम ही देखने को मिलती हैं. हालांकि, वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक पुंडरीक महाराज ने इस परंपरा को लेकर अपनी राय रखी है. उनका कहना है कि सनातन धर्म में विवाह के लिए दिन का समय अधिक शुभ माना गया है. उन्होंने रात में शादी करने की परंपरा और इसके धार्मिक महत्व पर भी सवाल उठाए हैं.
विवाह के लिए ये तीन मुहूर्त माने शुभ
- पुंडरीक महाराज के अनुसार, हिंदू धर्म में विवाह जैसे मांगलिक संस्कारों के लिए दिन के तीन समय विशेष महत्व रखते हैं.
- इनमें ब्रह्म मुहूर्त, अभिजीत मुहूर्त और गोधूलि वेला शामिल हैं.
- उनका मानना है कि इन शुभ समयों में विवाह से जुड़ी रस्में पूरी करना बेहतर होता है.
- उन्होंने कही कि बारात का आगमन, घुड़चढ़ी, सात फेरे और विदाई जैसी सभी रस्में इन्हीं शुभ मुहूर्तों को ध्यान में रखकर संपन्न करनी चाहिए.
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन समयों में किए गए शुभ कार्यों का फल अच्छा मिलता है.
मुगल काल से शुरू हुई रात में शादी की परंपरा
कथावाचक ने रात में विवाह करने की परंपरा के पीछे मुगल काल का इतिहास बताया. उनके अनुसार, उस दौर में मुगलों के डर से कई परिवार छिपकर शादियां करती थे. इसी वजह से रात में विवाह करने का चलन शुरू हुआ. उन्होंने सवाल उठाया कि आज जब ऐसी कोई मजबूरी नहीं है, तो फिर रात में शादी करने की परंपरा को क्यों जारी रखा जा रहा है. उन्होने यह भी कहा कि विवाह दो लोगों के जीवन की नई शुरुआत है. ऐसे में इसकी शुरुआत धार्मिक रीति-रिवाजों और शुभ मुहूर्त के अनुसार होनी चाहिए.
बचे हुए संस्कारों को सही तरीके से निभाने की अपील
पुंडरीक महाराज ने चिंता जताई कि आधुनिक समय में हिंदू धर्म के कई संस्कार धीरे-धीरे खत्म होते जा रहे हैं. उनके अनुसार, अब विवाह और अंत्येष्टि जैसे संस्कार ही प्रचलन में बचे हैं. ऐसे में लोगों को कम से कम इन परंपराओं के प्रति जागरूक रहना चाहिए. उन्होंने अपील की कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को केवल आयोजन या दिखावे तक सीमित न रखें, बल्कि धार्मिक विधि-विधान और परंपराओं का सम्मान करते हुए पूरा करें.
