Aryaveer Sehwag: टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को 18 साल की उम्र में बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है. आर्यवीर को वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. यह पहला मौका है जब आर्यवीर किसी बड़ी टीम की कप्तानी संभालेंगे. दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ ने शनिवार को 16 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया. बता दें, वीनू मांकड़ ट्रॉफी का आयोजन इस बार विशाखापट्टनम में 8 अक्टूबर से होने जा रहा है.
आर्यवीर सहवाग को मिली बड़ी जिम्मेदारी
दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ की जूनियर पुरुष सेलेक्शन कमेटी की बैठक के बाद 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कप्तानी आर्यवीर सहवाग को सौंपी गई है. इसके अलावा टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. आर्यवीर के अलावा र्नव बुग्गा को उपकप्तानी सौंपी गई है. आर्यवीर के लिए पिछले कुछ महीने बेहद शानदार रहे हैं. हाल ही उन्होंने राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई यूथ वनडे सीरीज में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था.
यह भी पढ़ें: रेस्ट ऑफ इंडिया ने 31वीं बार जीता ईरानी कप का खिताब, फाइनल में मुकेश कुमार ने बरपाया कहर
शानदार फॉर्म में आर्यवीर
आर्यवीर सहवाग इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. यूथ वनडे सीरीज के पहले मैच में बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में आर्यवीर ने 26 गेंदों में 28 रन की पारी खेली थी. इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 रनों की दमदार पारी खेली. इस दौरान वह 3 रन से अर्धशतक से चूक गए थे. इसके बाद तीसरे मैच में उन्होंने 34 रनों की शानदार पारी खेली थी. इसके अलावा साल 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी के दौरान उन्होंने मेघालय के खिलाफ 297 रनों की ऐतिहासिक पारी खेल सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था.
अंडर-19 टीम का पूरा स्क्वाड
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा (उपकप्तान), धन्य नकड़ा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सानन, पार्थ राज, शांतनु यादव.
