Vistaar NEWS

भारतीय क्रिकेट का मेगा कैलेंडर जारी, BCCI ने 2026-27 घरेलू सीजन के लिए शेड्यूल का किया ऐलान

Domestic Season 2026-27

घरेलू सीजन 2026-27

Domestic Season 2026-27: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार 20 मई को घरेलू क्रिकेट सीजन के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया है. इस साल घरेलू क्रिकेट में कुल 1788 मुकाबले खेले जाएंगे. घरेलू सीजन का आगाज 23 अगस्त से दलीप ट्रॉफी से होगा. 6 जोनल टीमों के बीच खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट लंबे फॉर्मैट की शुरुआत करेगा.

BCCI ने 2026-27 घरेलू सीजन का किया ऐलान

बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए शेड्यूल में घरेलू सीजन की शुरुआत 23 अगस्त 2026 से प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी के साथ होगी. इसके बाद 1 अक्टूबर से ईरानी कप और फिर भारत के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा. रणजी ट्रॉफी का आगाज 11 अक्तूबर से होगा, जिसे दो चरणों में खेला जाएगा. रणजी ट्रॉफी एलीट का पहला चरण 11 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा. वहीं दूसरा चरण 17 जनवरी से 4 फरवरी तक खेला जाएगा. नॉकआउट मुकाबले अगले साल 9 फरवरी से 3 मार्च के बीच होंगे.

यह भी पढ़ें: किस खतरनाक बीमारी से जूझ रहे थे Virat Kohli? फिर राहुल द्रविड़-विक्रम राठौर कैसे बने सहारा

किए गए बड़े बदलाव

बीसीसीआई की प्रेस रिलीज में यह भी कहा गया है,”आगामी सत्र में कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी के विजेता बनाम रेस्ट ऑफ इंडिया मैच को फिर से शामिल किया गया है. यह टूर्नामेंट 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक खेला जाएगा. यह मैच घरेलू कैलेंडर में वापसी कर रहा है ताकि उभरते हुए अंडर-23 क्रिकेटरों को एक बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान किया जा सके”. इसके अलावा क्रिकबज़ की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने पुरुषों के अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी और विज़ी ट्रॉफी को वनडे टूर्नामेंट से टी20 टूर्नामेंट में बदलने का भी फैसला किया है.

कहां होंगे सैयद मुश्ताक अली के मुकाबले?

मुंबई, विशाखापत्तनम, कोलकाता और मोहाली में 14 से 26 नवंबर तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट के लीग चरण के मैच खेले जाएंगे, जबकि नागपुर में 30 से 6 दिसंबर तक नॉकआउट मुकाबले होंगे. टूर्नामेंट के प्लेट डिवीजन में लीग चरण का समापन चार दिन पहले 22 नवंबर को होगा और फाइनल 24 नवंबर को खेला जाएगा. ये सभी मैच दीमापुर में आयोजित किए जाएंगे.

Exit mobile version