Vistaar NEWS

IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच, फैंस को याद आया सूर्या का वर्ल्ड कप वाला पल

Jasprit Bumrah

जसप्रीत बुमराह

Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ शानदार फील्डिंग कर सभी का दिल जीत लिया है. इस मैच में बुमराह ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट का ऐसा शानदार कैच लपका, जिसे देखकर फैंस को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में सूर्यकुमार यादव द्वारा डेविड मिलर का पकड़ा गया ऐतिहासिक कैच याद आ गया.

बुमराह ने लपका हैरतअंगेज कैच

एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. इंग्लैंड की पारी के दौरान 12वें ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने दो बड़े विकेट लेकर इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया. इस ओवर की चौथी गेंद पर ओपनर बेन डकेट से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री लाइन अप पर बुमराह ने हवा में उड़कर उनका कैच लपक लिया. बुमराह के इस बेहतरीन कैच के साथ डकेट 43 रन बनाकर आउट हो गए.

यह भी पढ़ें: ODI क्रिकेट में वापसी के साथ जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, इंग्लैंड के खिलाफ बनाया बड़ा रिकॉर्ड

फैंस को आई सूर्या की याद

जसप्रीत बुमराह का यह कैच देखते ही भारतीय फैंस को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 का वो ऐतिहासिक पल याद आ गया, जब खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी ओवर में सूर्यकुमार यादव ने लॉन्ग-ऑफ बाउंड्री पर डेविड मिलर का कैच लपक कर मैच का रुख बदल दिया था. सूर्या के उस कैच ने करीब 17 साल बाद भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

पहले वनडे मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 47.5 ओवर में 258 रन बनाए. इंग्लैंड के लिए जो रूट और लियाम डॉसन ने अर्धशतकीय पारी खेली. भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 9.5 ओवर में गेंदबाजी करते हुए 62 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. इसके अलावा गुरनूर बराड़ और प्रसिध कृष्ण को 2-2 सफलता मिली. वहीं, जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिया.

Exit mobile version