Asian Champions Trophy Hockey Final: विमेंस हॉकी में भारतीय टीम की नजरें एक बार फिर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब पर हैं. टूर्नामेंट के फाइनल में भारत-चीन की टीमें आमने-सामने होंगी. भारत मौजूदा चैंपियन के रूप में भोपाल में आयोजित महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में खेल रहा है और सेमीफाइनल में उसने मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है. अब फाइनल में खिताब के लिए उसकी भिड़ंत चीन से होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला आज यानी 28 नवंबर को शाम 7 बजे भोपाल के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा.
चौथी बार चैंपियन बनने को तैयार भारत
एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की, जबकि चीन ने जापान को 1-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया. टीम इंडिया के पास चौथी बार यह खिताब जीतने का मौका है. अगर भारत फाइनल में चीन को हरा देता है तो वह टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन जाएगी. इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम 2016, 2023, 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का टाइटल जीत चुकी है.
𝐈𝐍𝐃𝐈𝐀 𝐁𝐎𝐎𝐊 𝐓𝐇𝐄𝐈𝐑 𝐒𝐏𝐎𝐓 𝐈𝐍 𝐓𝐇𝐄 𝐅𝐈𝐍𝐀𝐋! 🇮🇳🔥 The defending champions seal a 6-2 victory over Malaysia in the semi-final of the Madhya Pradesh Women’s Asian Champions Trophy Bhopal 2026! India will now face China in the final as they look to retain their title! 🏑💪 #HockeyIndia #IndiaKaGame #MPAsianCT2026 #HockeyIsBack #NamasteAsia
— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 27, 2026
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत का प्रदर्शन
सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने भोपाल में आयोजित विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में अब तक बेहद शानदार प्रदर्शन किया. भारत ने मौजूदा टूर्नामेंट में सभी 5 लीग मैच और सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर अजेय रहते हुए छठी बार फाइनल में जगह बनाई है. अपने इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने सभी पांच मुकाबले जीतकर 15 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया.
भारत ने किए सबसे ज्यादा गोल
मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय टीम गोल करने के मामले में सभी टीमों से आगे है. टीम इंडिया ने अब तक इस टूर्नामेंट में कुल 29 गोल दागे हैं, जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर चीन हैं, जिसने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में 14 गोल किए हैं. भारत के इन 29 गोल में 19 गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं.
