चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, जापान को हराकर लगाई जीत की हैट्रिक

Asian Hockey Champions Trophy: मेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.
hockey india

भारतीय हॉकी टीम ने जापान को हराया

Asian Hockey Champions Trophy: मेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम ने जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जापान के खिलाफ खेले गए मुकाबला में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है. इससे पहले उसने चीन और बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल की थी.

भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक

टूर्नामेंट में भारत ने अपने पहले ही मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से हराकर टूर्नामेंट में शानदार तरीके से अपना आगाज किया था. इसके बाद अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने चीन पर 5-2 से जीत दर्ज की थी. अब अपने तीसरे मैच में जापान को 4-1 से हराकर भारत ने टूर्नामेंट में अपनी जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है. जापान के खिलाफ इस मैच में अभिषेक नैन ने 2 गोल किए.

भारत के सामने टिक नहीं पाया जापान

अभिषेक नैन के अलावा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जापान के खिलाफ इस मुकाबले में एक गोल किया, मुकाबले के 47वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला तो हरमनप्रीत ने इसे गोल में बदल दिया. उनके अलावा विष्णुकांत भी एक फील्ड गोल करने में कामयाब रहे. इस पूरे मुकाबले में जापान भारत के सामने टिक ही नहीं पाया और उसे एकमात्र गोल पेनल्टी स्ट्रोक से मिला.

भारत का अगला मैच कब?

टूर्नामेंट में भारत अपना अगला मुकाबला रविवार 1 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा. इस मैच में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है. भारत और मलेशिया की टीमें एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं. दोनों टीमें टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं. हाल ही में भारत ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड पर कब्जा किया था.

यह भी पढ़ें: हांगकांग सिक्सेस में टीम इंडिया की खराब शुरुआत, पाकिस्तान ने 4 विकेट से दी मात

ज़रूर पढ़ें