Student Divyang Quota Sold Out: वेस्टइंडीज की टीम इस महीने के अंत में भारत दौरे पर आने वाली है जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे और 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है. दोनों टीमों के बीच आगामी सीरीज को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी20 मैच के लिए टिकटों की मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एमपी क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा स्टूडेंट्स और दिव्यांग के लिए खोला गया रियायती टिकट कोटा महज 1 मिनट में ही फुल हो गया है.
1 मिनट में फुल हुआ स्टूडेंट्स-दिव्यांग कोटा
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरे टी20 मैच के लिए बुधवार 23 सितंबर को दोपहर 12 बजे जैसे ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की विंडो खुली, टिकट बुक कराने के लिए फैंस की होड़ मैच गई. बता दें, 1,000 आरक्षित टिकटों के लिए सिर्फ 1 मिनट के अंदर ही 1200 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए. इस कैटेगरी में रियायती टिकट की कीमत 950 और 1,200 रुपये रखी गई है.
यह भी पढ़ें: इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच की टिकट बुकिंग 25 सितंबर से शुरू, वेबसाइट या मोबाइल ऐप से ऐसे करें बुक
दिव्यांग के लिए 55 रजिस्ट्रेशन
वहीं, इंदौर टी20 मैच में दिव्यांग के लिए आरक्षित 40 टिकटों के मुकाबले 55 रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए. दिव्यांग कोटा के टिकट की कीमत 400 रुपये तय की गई है. अब मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की जांच करेगा जिसके बाद ही पात्र छात्रों और दिव्यांगों को ही टिकट खरीदने के लिए डायरेक्ट लिंक भेजा जाएगा.
सामान्य टिकटों की कब से होगी बिक्री?
विशेष कोटे के टिकट खतम होने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों को सामान्य टिकटों की बिक्री का इंतजार है. फैंस के लिए सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 25 सितंबर की सुबह 6:00 बजे से शुरू हो जाएगी. इंदौर का होलकर स्टेडियम हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है, ऐसे में 11 अक्तूबर को होने वाले इस मुकाबले के लिए टिकटों की मारामारी देखने को मिल सकती है.
