Indore: सड़क पर पानी बहाने पर जनता का चालान, निगम परिसर में प्रेशर मशीन से धुली जा रहीं सरकारी गाड़ियां
नगर निगम के परिसर में प्रेशर मशीन से धुल रही सरकारी गाड़ियां।
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में हो रहे जलसंकट की समस्या से कौन नहीं वाकिफ है. इंदौर में इस मानसून सीजन में महज 23 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 इंच कम है. इसे देखते हुए नगर निगम स्ख्त रुख अपनाया है. शहर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है. लेकिन अब नगर निगम अपने ही बनाए नियमों के विरुद्ध जाते हुए दिखाई दे रहा है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, इंदौर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है. लेकिन इसपर नगर निगम का दोहरा रवैया देखने को मिल रहा है. क्योंकि, नगर निगम खुद ही अपने नियमों का उल्लंघन कर कर रहा है. जहां, सड़क पर पानी बहाने और गाड़ी धोने पर जनता के चालान काटे जा रहे हैं. वहीं, नगर निगम के परिसर में प्रेशर मशीन से सरकारी गाड़ियां धुली जा रही हैं.
सरकारी कंपनी के बोरिंग के पानी से अफसरों की कारों की सफाई की जा रही है.निगम के टैंकरों से भी शहर में लगातार हजारों लीटर पानी बहाया जा रहा है. अब सवाल उठ रहा है कि, जनता को पानी बचाने की नसीहत दी जा रही है, लेकिन सरकारी महकमे में पानी की बर्बादी पर चुप्पी क्यों? सवाल यह भी उठ रहा है कि, आम आदमी पर कार्रवाई की जा रही है लेकिन सरकारी सिस्टम को छूट क्यों?
नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू की
बता दें कि, हाल ही में इंदौर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में आरआर कैट रोड स्थित 7 स्टेप गार्डन के सामने पानी की बर्बादी करने पर 2,000 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया. महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देश पर CSI मनीष सिंह और सहायक CSI रवि सिंह ने टीम बेसिक्स की उपस्थिति में यह कार्रवाई की. नगर निगम का उद्देश्य पानी की बर्बादी रोकना और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.



