Rohit Sharma: आईपीएल 2027 के सीजन से ठीक पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को एक बार फिर अपनी टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया है. 27 नवंबर को फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए ऐलान किया कि आगामी सीजन में रोहित एमआई की कप्तानी संभालेंगे. एक ओर जहां क्रिकेट फैंस रोहित को दोबारा कप्तान बनाए जाने के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि रोहित के लिए दोबारा मुंबई की कप्तानी संभालना आसान नहीं होगा. कप्तान बनने के बाद उन्हें आगामी सीजन में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा.
फॉर्म और फिटनेस बन सकती है बड़ी चुनौती
चोटों और बढ़ती उम्र को देखते हुए रोहित शर्मा के लिए अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी फॉर्म बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है. पिछले कुछ सालों में हिटमैन की बल्लेबाजी में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है साथ ही उन्हें इंजरी का भी सामना करना पड़ा. आईपीएल 2026 के दौरान रोहित हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके चलते वह कुछ मैच नहीं खेल पाए थे, और अब वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए उनका वर्कलोड संभालना बेहद अहम होगा.
पिछले प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती
मुंबई इंडियंस ने अपने पांचों खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में ही जीते हैं. ऐसे में रोहित पर एक बार फिर पुराने प्रदर्शन को दोहराकर टीम को चैंपियन बनाने का दबाव होगा. साथ ही बदली हुई टीम और नए दौर में फिर से जीत की लय और फ्रेंचाइजी के छठे खिताब की उम्मीदों का दबाव भी उन पर रहेगा. इससे पहले जब रोहित मुंबई इंडियंस के कप्तान थे तब सूर्यकुमार यादव अपने शानदार फॉर्म में थे. मुंबई के पास कीरोन पोलार्ड जैसा फिनिशर था, लेकिन अब कहानी बदल चुकी और टीम में कई नए खिलाड़ी आ गए हैं.
ड्रेसिंग रूम का माहौल
पिछले कुछ सीजन मुंबई इंडियंस के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं. ऐसे में रोहित पर टीम में तालमेल और सीनियर खिलाड़ियों का भरोसा बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी. इसी के साथ उनपर तिलक वर्मा और नमन धीर जैसे युवा खिलाड़ियों को भविष्य की कप्तानी के लिए तैयार करने की भी जिम्मेदारी होगी.
वहीं, रोहित का खुद का बल्लेबाजी फॉर्म भी उनके लिए सिरदर्द बना हुआ है. आईपीएल 2026 के सीजन में उन्होंने 9 मैचों की 9 पारियों में 283 रन बनाए थे, जिसमें सिर्फ 2 अर्धशतक शामिल थे.
