Vistaar NEWS

IPL के चैंपियन कप्तान रजत पाटीदार MPPL में फेल, पहले ही मैच में माधव तिवारी ने लूटी महफिल

Rajat Patidar Or Madhav Tiwari

रजत पाटीदार और माधव तिवारी

Madhav Tiwari Outshines Patidar: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान रजत पाटीदार MPPL 2026 के पहले मुकाबले में फ्लॉप साबित हुए. मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन में ग्वालियर चीता की कप्तानी कर रहे रजत पाटीदार पहले मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर सके. इस मैच में उनकी टीम को उज्जैन फाल्कंस के हाथों 92 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

पहले मैच में फेल हुए रजत पाटीदार

दरअसल बीते दिन 3 जून को मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का पहला मुकाबला ग्वालियर चीता और उज्जैन फाल्कंस के बीच खेला गया. इस मैच में ग्वालियर के कप्तान रजत पाटीदार से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाटीदार 8 गेंदों में महज 11 रन बनाकर ऋषि मिगलानी की गेंद पर एलबीडब्यू आउट हो गए.

यह भी पढ़ें: मैदान पर सिगार पीते नजर आए टिम डेविड, वायरल वीडियो में साथी खिलाड़ियों पर उड़ाया धुआं

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उज्जैन फाल्कंस ने अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीता की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 14.2 ओवर में ही 129 रनों पर सिमट गई. उज्जैन के लिए माधव तिवारी ने धमाकेदार बल्लेबाजी कर सबसे ज्यादा रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. माधव ने इस मैच में सिर्फ 31 गेंदों में 62 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे.

गेंदबाजों ने दिखाया दम

उज्जैन फाल्कंस के बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन दिखाया. आयुष मानकर उज्जैन की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे. सीजन के पहले ही मैच में उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके. इसके अलावा माधव तिवारी ने बल्ले के बाद गेंदबाजी में भी अपना दम दिखाया. इस मैच में उन्होंने 1.2 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए.

Exit mobile version