Rohit Sharma: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे मैच में स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने 138 रनों की तूफानी पारी खेली. हालांकि वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. लॉर्ड्स में ऐतिहासिक पारी खेलने के बाद हिटमैन ने अपने संन्यास की अटकलों पर फुलस्टॉप लगा दिया है. तीसरे वनडे मैच में शतकीय पारी खेलने के बाद रोहित ने साफ संकेत दे दिए हैं कि उनका पूरा फोकस टीम इंडिया के लिए प्रदर्शन करने पर है.
शोर-शराबे से नहीं पड़ता फर्क-रोहित
दरअसल बीसीसीआई ने रोहित शर्मा का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह संन्यास की अटकलों पर अपने अंदाज में जवाब देते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में हिटमैन ने साफ शब्दों में कहा है कि उन्होंने अपने पूरे करियर में सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन करने पर फोकस किया है. बाकी शोर-शराबे से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और न ये उनके लिए कभी मायने रखता है. लॉर्ड्स में ऐतिहासिक पारी खेले के बाद रोहित ने कहा,’मेरा काम मैदान पर उतरना और बल्ले से प्रदर्शन करना है. उन्होंने कहा डेब्यू के दिन से ही मुझे यही जिम्मेदारी मिली है कि मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करना है और टीम के लिए खेलना है और मैं वही करता रहूंगा.’
Rohit Sharma is not bothered by the noise around his future 👀 pic.twitter.com/wEzQLFt6Ms
— Cricbuzz (@cricbuzz) July 20, 2026
हमेशा रहा शोर
अपनी बात को आगे बढ़ते हुए भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के बाद से ही उन्हें लेकर तरह-तरह की बातें होती रही हैं. कभी उनके फॉर्म पर सवाल उठे, कभी उनकी कप्तानी पर और कभी उनके करियर के भविष्य को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी इस शोर को अपने खेल हावी नहीं होने दिया. रोहित ने कहा,’जब से मैंने डेब्यू किया तब से ये शोर हमेशा बना रहा है और जब तक मैं यहां हूं तब तक ये बना रहेगा. हालांकि इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. रोहित ने कहा कि उनके लिए सबसे अहम ये है कि वह मैदान पर क्या कर रहे हैं और टीम की सफलता में वह कितना योगदान देते हैं.’
आलोचकों को दिया जवाब
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रोहित शर्मा ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा कि चर्चाएं और बहसे क्रिकेट का हिस्सा हैं. उनका मानना है शोर होने दीजिए. अगर शोर नहीं होगा तो मजा नहीं आएगा. उनका काम मैदान के अंदर है, मैदान के बाहर क्या हो रहा है और क्या कहा जा रहा है वो उनका काम नहीं है. उनका यही नजरिया है.
