Shubman Gill: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में जारी पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल अपने शतक से महज 2 रन दूर रह गए. मुकाबले में भारत की पहली पारी में गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 146 गेंदों में 98 रन की पारी खेली, लेकिन शतक पूरा करने से महज दो रन पहले ही वह जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए. 98 रन के निजी स्कोर पर आउट होने के साथ गिल ने एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. वह टेस्ट क्रिकेट में नर्वस 90s में आउट होने वाले भारतीय कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
द्रविड़-कोहली के अनचाहे क्लब में शामिल हुए गिल
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में 98 रनों पर आउट होने के साथ शुभमन गिल के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. वह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तान के तौर पर नर्वस 90s में आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. इस लिस्ट में उनसे पहले कई भारतीय कप्तानों के नाम जुड़ चुके हैं, जिसमें राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नाम भी शामिल हैं.
सबसे ज्यादा नर्वस 90s पर आउट हुए धोनी
टेस्ट क्रिकेट में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा नर्वस 90s में आउट होने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज है. धोनी चार बार 90 से 99 रन के बीच अपना विकेट गंवा चुके हैं. वहीं, सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं, जो दो बार टेस्ट कप्तान रहते हुए नर्वस 90s का शिकार बने थे.
इसके अलावा शुभमन गिल से पहले नारी कॉन्ट्रैक्टर, एमएके पटौदी, अजित वाडेकर, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली भी कप्तान रहते नर्वस 90s का शिकार बन चुके हैं. अब इस लिस्ट में गिल का नाम भी जुड़ गया है. इन सभी खिलाड़ियों के नाम 1-1 बार टेस्ट कप्तान रहते हुए 90 से 99 रन के बीच आउट होने का रिकॉर्ड दर्ज है.
करियर में चौथी बार नर्वस 90s का शिकार बने गिल
पहली पारी में जैकब डफी की गेंद पर बोल्ड होने के साथ ही गिल के नाम एक और अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है. यह गिल के टेस्ट करियर में चौथा मौका है जब वे नर्वस 90s का शिकार बने हैं. इसके अलावा ये पिछले 8 सालों में पहली बार है जब कोई भारतीय टेस्ट कप्तान नर्वस 90s पर आउट हुआ है. गिल से पहले आखिरी बार साल 2018 में विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर 90 से 99 रन के बीच आउट हुए थे.
