Vistaar NEWS

कौन हैं यश ठाकुर? जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में किया भारत के लिए डेब्यू

Yash Thakur

यश ठाकुर (Photo-BCCI)

Yash Thakur: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 रन से जीत दर्ज कर ली है. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से कब्जा कर लिया है. हरारे में खेले गए इस मैच में तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया.

कौन हैं यश ठाकुर?

जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना इंटरनेशनल टी20 डेब्यू करने वाले यश ठाकुर का जन्म 28 दिसंबर 1998 को हुआ. घरेलू क्रिकेट में यश विदर्भ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह अपनी सटीक लाइन-लेंथ, डेथ ओवरों की गेंदबाजी और धीमी गेंदों के बेहतरीन इस्तेमाल के लिए जाने जाते हैं. घरेलू क्रिकेट में इस राइट-आर्म पेसर ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए विकेट चटकाकर सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा.

यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: दूसरे टी20 में शतक से चूके ईशान किशन, एक साथ तोड़ दिया अभिषेक-यशस्वी के रिकॉर्ड

लगातार दमदार प्रदर्शन के चलते टीम इंडिया में बनाई जगह

भारतीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई. टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने से पहले यश के पास टी20 क्रिकेट का अच्छा-खास अनुभव है. डेब्यू से पहले उन्होंने 74 टी20 मैच खेले थे, जिसकी 74 पारियों में उन्होंने 110 विकेट चटकाए. आईपीएल में वह पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रह चुके हैं. यश के आईपीएल करियर की बात करें तो इस टी20 लीग के 22 मैचों में उनके नाम 27 विकेट दर्ज हैं.

डेब्यू मैच में कैसा रहा यश का प्रदर्शन

टी20 इंटरनेशनल के अपने पहले मैच में ही यश ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन किया और 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 30 रन देकर 2 विकेट झटके. इस दौरान उनकी इकॉनमी 7.50 की रही. जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में यश को अशोक शर्मा की जगह प्लेइंग 11 में मौका मिला था.

Exit mobile version