Plans Cost ₹50 More Now: अगर आप भी एयरटेल यूजर हैं या अपनी सिम को एयरटेल में पोर्ट कराने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. दरअसल, भारतीय टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने एक बार फिर से अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने आज से प्लान्स की कीमतों में इजाफा किया है. बता दें कि एयरटेल ने अलग-अलग पोस्टपेड प्लान के टैरिफ में 3 प्रतिशत से लेकर 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है. टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के अनुसार, ये नए रिचार्ज प्लान्स आज से लागू हो गए हैं. प्लान्स की कीमतों में इस तरह से बढ़ोतरी होने के बाद ग्राहकों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा.
किस प्लान में कितनी हुई बढ़ोतरी
एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान्स के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने हर प्लान के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया है. कुछ प्लान्स में थोड़ी बढ़ोतरी की गई है, तो कई प्लान 50 रुपये तक महंगे हो गए हैं. इसका मतलब है कि अब पोस्टपेड यूजर्स को हर महीने पहले से ज्यादा पैसा देना होगा.
499 से 1799 रुपये तक के प्लान्स
एयरटेल के पास 499 रुपये से लेकर 1799 रुपये तक के पोस्टपेड प्लान्स हैं. 499 रुपये वाला प्लान एक व्यक्ति के लिए है. 749 रुपये वाले प्लान में दो लोग जुड़ सकते हैं. 1049 रुपये वाले प्लान में तीन लोगों को जोड़ा जा सकता है. वहीं 1249 और 1449 रुपये वाले प्लान में चार सदस्य शमिल हो सकते हैं. सबसे महंगा प्लान 1799 रुपये का है, जिसमें पांच लोगों को शामिल किया जा सकता है.
पुराने ग्राहकों को भी बदलना होगा प्लान
सिर्फ नए ही नहीं बल्कि पुराने ग्राहकों को भी नए प्लान्स पर आना होगा. कंपनी ने कहा है कि मौजूदा पोस्टपेड यूजर्स को एक महीने के अंदर नए प्लान पर शिफ्ट होना पड़ेगा. इसलिए अगर आप पहले से एयरटेल पोस्टपेड इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अपने प्लान की नई कीमत जरूर चेक कर लें.
