LPG सिलेंडर के 75 लाख ग्राहक हुए कम, उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल, जानें क्या है वजह
एलपीजी गैस सिलेंडर
LPG Cylinder: देश में LPG गैस कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की संख्या में बड़ी कमी दर्ज की गई है. चालू वित्त वर्ष की शुरुआत से अब तक लगभग 75 लाख LPG ग्राहक कम हो चुके हैं. इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हजारों लाभार्थी भी शामिल हैं. पिछले 10 सालों में पहली बार एलपीजी ग्राहकों की संख्या में इतनी गिरावट देखने को मली है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर अचानक इतनी बड़ी संख्या में गैस कनेक्शन कम क्यों हो गए हैं.
ई-केवाईसी बनी बड़ी वजह
एलपीजी ग्राहकों की संख्या घटने के पीछे सबसे बड़ी वजह सरकार की ओर से शुरू की गई वेरिफिकेशन प्रोसेस मानी जा रही है. घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य किया गया है. इसके जरिए गैस कनेक्शन का जानकारी और ग्राहक की पहचान की जांच की जा रही है. अगर कोई ग्राहक अपनी ई-केवाईसी पूरी नहीं करवाता है तो उसे गैस सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी हो सकती है.
OTP से डिलीवरी होने पर फर्जी कनेक्शन की पहचान
गैस कनेक्शन की संख्या में कमी आने का दूसरा कारण ओटीपी आधारित सिलेंडर डिलीवरी को माना जा रहा है. इस व्यवस्था के तहत ग्राहक को सिलेंडर की डिलीवरी के समय मोबाइल पर आया ओटीपी बताना होता है. इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि सिलेंडर सही उपभोक्ता तक पहुंच रहा है. इस प्रोसेस से फर्जी कनेक्शन और गलत तरीके से होने वाली गैस डिलीवरी पर रोक लगाने में मदद मिल रही है. इसी वजह से कई ऐसे कनेक्शन सामने आए हैं, जिनका इस्तेमाल सही तरीके से नहीं हो रहा था.
उज्ज्वला योजना के ग्राहक भी हुए कम
एलपीजी कनेक्शन में आई इस गिरावट में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं. सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की शुरुआत से अब तक करीब 75 लाख ग्राहक कम हुए हैं. इनमें लगभग 60 हजार उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं. यानी गैस कनेक्शन में आई कमी का असर सामान्य उपभोक्ताओं के साथ सरकारी योजना के लाभार्थियों पर भी पड़ा है.



